उत्तर प्रदेशराज्‍य

यूपी में शिक्षक-कर्मचारियों को मिलेंगे सामूहिक बीमा कटौती के 134.60 करोड़ रुपये, दो लाख से अधिक को होगा लाभ

उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उनकी सामूहिक बीमा योजना की प्रीमियम कटौती की धनराशि वापस किए जाने का निर्णय लिया गया है। प्रीमियम की रकम शिक्षकों और कर्मचारियों को वापस लौटाने के लिए कुल 134 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भी जारी कर दी गई है। एरियर के रूप में यह धनराशि जल्द बैंक खातों में भेजी जाएगी।

परिषदीय स्कूलों में 31 मार्च 2014 से लेकर एक सितंबर 2022 तक वेतन से काटी गई सामूहिक बीमा योजना के प्रीमियम की धनराशि वापस की जाएगी। दरअसल इस दौरान एलआईसी ने सामूहिक बीमा योजना बंद कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद विभाग शिक्षकों और कर्मियों के वेतन से हर महीने 87 रुपये का बीमा प्रीमियम काटता रहा।

शिक्षकों ने इसका विरोध किया तो एक सितंबर 2022 से प्रीमियम की धनराशि वेतन से कटना बंद हुई। फिर शिक्षकों ने आठ वर्षों तक जमा किए गए प्रीमियम की धनराशि वापस करने की मांग शासन से तेज कर दी। आखिरकार बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों व कर्मियों को उनके जमा किए गए सामूहिक बीमा योजना के प्रीमियम की धनराशि वापस किए जाने के लिए बजट जारी कर दिया है।

अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।बेसिक शिक्षा विभाग के जिला आहरण और वितरण अधिकारियों तथा खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 134 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि एरियर के रूप में सीधे संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी अभिलेखों का नियमानुसार सत्यापन और मिलान कर एकमुश्त व पारदर्शी प्रक्रिया के तहत भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

बनारस और जौनपुर में कल बंद रहेंगे स्कूल

इस बीच खबर है कि वाराणसी और आसपास के इलाकों में मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट और बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर डीएम वाराणसी के आदेश से 19 अगस्त को कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त तथा अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। आदेश में कहा गया है कि सभी सभी संबंधित विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करें। वहीं जौनपुर में भी डीएम के आदेश पर कक्षा एक आठ तक के स्कूल 19 अगस्त को बंद रहेंगे। बीएसए ने बताया है कि जिले के सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त सभी बोर्ड के विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button