खेलमनोरंजन

अब बिहार की कप्तानी करेंगे वैभव सूर्यवंशी, जूनियर होकर संभालेंगे सीनियर टीम की कमान

नई दिल्‍ली. न्‍यूजीलैंड से लौटने के बाद वैभव सूर्यवंशी को बड़ी ज‍िम्‍मेदारी दी गई है. पंद्रह साल के वैभव को सैयद मुश्‍ताक अली ट्रॉफी में ब‍िहार का कप्‍तान बनाया गया है. वैभव पहली बार ब‍िहार की सीन‍ियर टीम की कप्‍तानी करेंगे. बिहार क्रिकेट संघ ने अपनी 17 सदस्यीय सीनियर टीम की घोषणा कर दी है. सेलेक्‍शन कमेटी ने 4 से 6 नवंबर के बीच आयोजित ट्रायल और खिलाड़ियों के पिछले प्रदर्शन को आधार बनाते हुए टीम का ऐलान क‍िया है. सूरज कश्यप को ब‍िहार टीम का उपकप्तान बनाया गया है. इससे पहले वैभव इसी सीजन दलीप ट्रॉफी में ईस्‍ट जोन के उप कप्‍तान थे जबक‍ि रणजी ट्रॉफी में ब‍िहार के भी वाइस कैप्‍टन रह चुके हैं.

बिहार का घरेलू क्रिकेट रणजी ट्रॉफी के शुरुआती चार राउंड में में इस बार प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. टीम को अपने सभी चारों मैच गंवाने पड़े. वैभव सूर्यवंशी की कप्‍तानी वाली टीम को अपने शुरुआती सभी मुकाबले इंदौर में खेलने हैं. ब‍िहार का टूर्नामेंट के पहले मैच में 14 नवंबर को सामना सौराष्ट्र से होगा. इसके बाद दूसरे मुकाबले में टीम रेलवे से भ‍िड़ेगी.

अनमोल कुमार को मिली पहली बार सीनियर टीम में जगह

सत्रह सदस्‍यीय ब‍िहार टीम में युवा विकेटकीपर बल्लेबाज अनमोल कुमार को पहली बार शाम‍िल क‍िया गया है. अनमोल ने हाल में वीनू मांकड ट्रॉफी में 86 गेंदों पर 184 रनों की आक्रामक पारी खेली थी. जिसके बाद उन्हें पहली बार बिहार की सीनियर टीम में जगह मिली है. अनमोल के अलावा आयुष लोहारुका टीम के दूसरे विकेटकीपर होंगे, जो बल्लेबाजी क्रम को और मजबूती देंगे.

साकिब हुसैन की फिटनेस पर रहेगी नजर

चयन समिति ने टीम की घोषणा के साथ कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की फिटनेस पर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं. टीम में शामिल अनुभवी और खिलाड़ियों मोहम्मद इजहार, मंगल महरोर और साकिब हुसैन की अंतिम रूप से मैदान पर उपलब्धता उनकी फिटनेस परीक्षण पर निर्भर करेगी.

बिहार की 17 सदस्यीय टीम

वैभव सूर्यवंशी (कप्‍तान) सूरज कश्यप ( उपकप्तान ) आलोक कुमार, आयुष लोहारुका, अलतमिश अशरफ, तरुण कुमार सिंह, अनमोल कुमार और पृथ्वी राज, मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रसाद सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोल यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button