अंतर्राष्ट्रीय

जापान में भूकंप के झटके, 30 से ज़्यादा लोग घायल

टोक्यो। जापान की राजधानी टोक्यो और पूर्वी क्षेत्र में में रविवार तड़के 5.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इस हादसे में 20 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है, जिनमें से अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं। जापान में आए भूकंप के बाद सुनामी का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप दक्षिणी इबाराकी प्रांत में लगभग 70 किलोमीटर (42 मील) की गहराई पर आया। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे ने इसकी शुरुआती तीव्रता 5.8 मापी। यह क्षेत्र जापान के उन हिस्सों में से है जहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं।

भूकंप के कारण ट्रेनों में देरी

ईस्ट जापान रेलवे कंपनी के अनुसार, भूकंप के कारण टोक्यो और नारिता हवाई अड्डे के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों और पूर्वोत्तर क्षेत्रों की अन्य लोकल ट्रेनों में देरी हुई, लेकिन शिंकानसेन बुलेट ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही थीं।

भूकंप के बाद अधिकारियों ने तेजी से कार्रवाई की, प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने कहा कि सरकार ने राहत कार्य के लिए टीम गठित की है। भूकंप के कारण कुछ बुनियादी ढांचे प्रभावित हुए हैं।

460 घरों में बिजली गुल

राजधानी टोक्यो के कोटो वार्ड में एक भूमिगत पानी का पाइप फट गया, जिससे सड़क का एक हिस्सा जलमग्न हो गया। मरम्मत के बाद रिसाव को रोक दिया गया। टोक्यो में लगभग 460 घरों की बिजली भी गुल हो गई, हालांकि टेपको पावर ग्रिड के अनुसार, रविवार सुबह तक बिजली बहाल कर दी गई थी।

गौरतलब है कि यह भूकंप जापान के सबसे दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोटो क्षेत्र में आए 7.1 तीव्रता के कहीं अधिक शक्तिशाली भूकंप के कुछ सप्ताह बाद आया है। उस आपदा में 38 लोग मारे गए, 364 घायल हुए और 1,500 से अधिक इमारतें नष्ट हो गईं थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button