अंतर्राष्ट्रीय

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमला, DSP समेत कम से कम 11 पुलिसकर्मियों की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को पुलिस की एक टीम पर आतंकवादियों ने हमला किया। इस हमले में डीएसपी समेत 11 पुलिसकर्मी शहीद हो गए और 12 अन्य घायल हुए। हमले के दौरान और उसके बाद हुई मुठभेड़ में 18 आतंकवादी भी मारे गए। खैबर पख्तूनख्वा पुलिस के पब्लिक रिलेशंस डायरेक्टर के बयान के मुताबिक, पुलिस के जवान कोहाट शहर के पास दरबोकच (दारबुकाच) इलाके में स्थानीय सिविल प्रशासन के साथ मिलकर एक जॉइंट ऑपरेशन चला रहे थे। उसी दौरान यह हमला हुआ।

कब और कैसे हुआ हमला?

बताया जा रहा है कि पुलिस की टीम सोने की अवैध खुदाई रोकने के अभियान पर जा रही थी। कोहाट जिले के गंबट इलाके में जा रही पुलिस पार्टी जब कोहाट और करक के बीच स्थित दरबोकाच जलंधर बांदा इलाके पहुंची, तभी हमलावरों ने पहाड़ियों से गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जैब के मुताबिक, हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू की, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमले में पुलिस की पांच गाड़ियों को भी आग लगा दी गई। दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई। हमलावरों ने लगातार फायरिंग जारी रखी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की।

हमले में डीएसपी की भी गई जान

पुलिस के अनुसार, मरने वालों में गंबट के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) हैदर जमां और उपनिरीक्षक मुख्तियार शामिल हैं। रेस्क्यू 1122 की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जिला मुख्यालय शिक्षण अस्पताल में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है। वहीं, हमले की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल और अन्य सुरक्षा दलों को मौके पर भेजा गया। जवाबी कार्रवाई के लिए एक बड़ा पुलिस दस्ता भी बुलाया गया।

टीटीपी आतंकियों ने किया हमला?

खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह आपराधिक तत्वों और आतंकवादियों के बीच गठजोड़ का नतीजा है। गवर्नर ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हालांकि अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेवारी नहीं ली है। बताया जा रहा है कि घटना के पीछे फितना-अल-खवारिज है। यह वही संगठन है जिसे सरकार बैन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े आतंकवादियों के लिए इस्तेमाल करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button