उत्तर प्रदेशराज्‍य

मुख्यम‍ंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिड-डे मील रसोइयों को दी सामाजिक सुरक्षा की गारंटी, रक्षा बंधन से पहले चार मिले उपहार

लखनऊ: रक्षाबंधन से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर के साढ़े तीन लाख से ज्यादा रसोइयों को एक साथ चार उपहार दिए हैं. इनमें तमाम महिलाएं शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले एक साथ चार उपहार आपको कभी नहीं मिले होंगे, लेकिन हमारी सरकार ने यह करने का फैसला लिया. अब आप अच्छे से रक्षाबंधन मनाएं. स्कूल के बच्चों को भविष्य संवारने में आपका अहम योगदान है, इसलिए सरकार ने आपको स्वास्थ्य सुविधाओं से लेकर दुर्घटना बीमा और मानदेय के साथ ही साड़ी खरीदने के लिए धनराशि में बढ़ोतरी की है. लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई मासूम बच्चों को गोद में लेकर दुलारा. उन्हें चॉकलेट और खिलौने दिए. बाल वाटिका में मिल रही बच्चों की शिक्षा को लेकर भी बच्चों से बात की.

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रक्षाबंधन के ठीक पहले हम प्रदेश भर के 353000 से भी ज्यादा रसोइयों के लिए चार नए कार्यक्रम लेकर यहां आए हैं. पहला मानदेय वृद्धि, दूसरा अगर किसी रसोईये के साथ कोई घटना-दुर्घटना हो जाती है तो उसके परिवार को ₹200000 की सहायता स्टेट बैंक के माध्यम से उपलब्ध, तीसरा प्रत्येक रसोईये और उसके परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपए तक फ्री कैशलेस सुविधा और चौथा अब तक साड़ी के लिए ₹500 प्राप्त होता था, उस राशि को दोगुना किया जा रहा है. अब ₹1000 मिलेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि एक साथ रक्षाबंधन के पहले इतना बड़ा उपहार कभी नहीं मिला.

कहा कि आज से नौ साल पहले रसोइयों को मात्र ₹1000 मिलता था. वह भी कभी मिलता था, कभी नहीं मिलता था. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में 55 करोड़ लोगों के लिए जनधन अकाउंट खोल दिया है. जनधन अकाउंट का मतलब यह सपाई और कांग्रेसी, जो डकैती गरीब के हक पर डालते थे, उसको रोकना और गरीब का पैसा सीधे उसके खाते में जाए, जिसे वह स्वयं निकाल सके. इसके लिए अब डीबीटी के माध्यम से सारी की सारी धनराशि उनके अकाउंट में जाएगी. ₹1000 मात्र मिलते थे, हमने उसको बढ़ाकर पहले 2000 किया. आज उसको बढ़कर ₹3000 किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अभी तक रसोइयों के लिए कोई सामाजिक सुरक्षा की गारंटी नहीं थी. अगर कोई घटना दुर्घटना हो जाए, कोई आपदा आ जाए, कोई पूर्ण विकलांग हो जाए, किसी की मृत्यु हो जाए तो परिवार असहाय हो जाता था. कोई पूछने वाला नहीं था. बेसिक शिक्षा परिषद ने भारतीय स्टेट बैंक के साथ बातचीत करके यह तय करवाया कि आपका अकाउंट हम बैंक में खुलवाएंगे. भारतीय स्टेट बैंक में आपका पूरा मानदेय जाएगा. आप जब भी निकलना चाहेंगे निकालिए, लेकिन अगर कोई घटना दुर्घटना हो जाए, कोई दिव्यांगता का शिकार हो जाए तो उस परिवार को बैंक ₹200000 की सहायता उपलब्ध कराएगा, यह पहले नहीं मिलता था.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप देश के बचपन को स्वस्थ बना रहे हैं लेकिन आपके स्वास्थ्य की चिंता कोई नहीं करता था. पहले क्या होता था? कोयले में या लकड़ी में भोजन बनाना पड़ता था. अब एलपीजी आ गया है. यानी धुएं से मुक्ति. यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभियान था. अगर रसोईया या उसके परिवार का कोई व्यक्ति अस्वस्थ हो जाता है तो सरकारी अस्पताल के अलावा इम्पैनल्ड किसी भी प्राइवेट हॉस्पिटल में जाकर इलाज करवा सके. ₹500000 प्रति वर्ष उसका स्वास्थ्य बीमा हम उपलब्ध कराएंगे. यानी ₹500000 का प्रतिवर्ष आप लोग अपना उपचार किसी भी इंपैनल हॉस्पिटल में करवा सकते हैं. कोई आपको मना नहीं कर सकता है. अब तक साल भर में एक बार ₹500 साड़ी के लिए मिलता था. अब हम उसे ₹1000 कर रहे हैं. एक साथ चार-चार सुविधा का लाभ आपको हमारी सरकार दे रही है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के मुख्य अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के एजेंडे में गरीब कोई मुद्दा ही नहीं थी. आज आपने बबुआ का बयान पढ़ा होगा. कहते हैं कि जब हमारे परिवार के सभी लोग सांसद हैं इसीलिए तो सपा सपा बनी हुई है. मैं कहता हूं कि सपा इसलिए सपा है क्योंकि जनता उसको अगले चुनाव में हमेशा के लिए सफा कर देगी. ये गरीबों का शोषण करते हैं. केवल अपने परिवार की खातिर इन्होंने लूटा है. प्रदेश को गुंडा प्रदेश बना दिया था. गरीबों की जमीन पर कब्जा करते थे. बेटी की सुरक्षा खतरे में थी. रोज दंगा रोज फसाद, पर्व और त्योहार के पहले लोगों की खुशी छीन ली जाती थी. प्रदेश का विकास ठप था. आज कोई बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाएगा, किसी बहन को छेड़ेगा तो मानकर चलिए की यमराज के घर जाने का रास्ता तय हो गया है. अब ये नहीं चल सकता है. सुरक्षा की गारंटी आधी आबादी को, दंगा मुक्त और कर्फ्यू मुक्त यूपी हो गया है तो विकास हो रहा है. अब स्कूल अच्छे दिखाई दे रहे हैं.

सीएम योगी ने कहा कि आज मैं जब यहां आया तो प्रदर्शनी लगी थी. आंगनबाड़ी बाल वाटिका में भी पढ़ने वाले बच्चे थे. अक्षर ज्ञान उनको है. वाक्य विन्यास कैसे होता है, यह निपुण भारत अभियान की सफलता को बताता है. अब ये केवल तीसरी क्लास तक नहीं पांचवीं क्लास तक आगे बढ़ रहा है. छठी, सातवीं और आठवीं के बच्चे अब कुछ नए अभियान के साथ आगे बढ़ रहे हैं. पहले उनकी यूनिफॉर्म बहुत खराब होती थी. अब तो दो यूनिफॉर्म हर बच्चे को उपलब्ध कराई जाती है. बैग दिया जा रहा है. बॉक्स दिया जा रहा है. जूते-मोजे बच्चों को उपलब्ध करवाए गए हैं. हर बच्चे के लिए साल भर में स्वेटर की व्यवस्था भी है. अब कोई गरीब का बच्चा सर्दियों में प्रचंड सर्दी में ठिठुरते हुए स्कूल नहीं जाता, बल्कि स्वेटर पहनकर स्कूल आता है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले बच्चों को कांपते हुए स्कूल आना पड़ता था. अब बेटियों को, बच्चों को नंगे पैर स्कूल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. अब जूते मोजे पहनकर स्कूल जाते हैं. हर तरह की व्यवस्था सरकार ने की है. इन सब की चिंता हमारी सरकार ने की है.

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब हम लोग दिन में 18 घंटे कार्य करते हैं. एक-एक योजना पर चर्चा करते हैं, एक-एक विभाग के कार्य को आगे बढ़ाते हैं, तब परिणाम आते हैं. बबुआ की तरह कोई 12 बजे सोकर उठना, दो बजे तक तैयार होना और पांच बजे जिम जाना और फिर सात बजे वापस आकर उनकी अपनी महफिल जम जाती, तो कहां प्रदेश के लिए समय था. पहले यही होता था. प्रदेश के लिए समय नहीं था, लेकिन अब प्रदेश के लिए पर्याप्त समय सरकार के पास है. जनता जनार्दन की समस्या का समाधान का रास्ता है.

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सिस्टम जब प्रगति करता है, आगे बढ़ता है, उसका लाभ हर एक तबके को प्राप्त होता है. आपका दायित्व क्या है जिस विद्यालय में रहें, रसोई साहब सुथरी रहे. बच्चों को पोषण मिशन के अंतर्गत व्यवस्था बनाई गई है. अलग-अलग दिन अलग-अलग प्रकार के आहार देने हैं. बेसिक शिक्षा परिषद में 142000 विद्यालय हैं. इन विद्यालयों के लिए जो व्यवस्था बनाई है, जिसमें लगभग डेढ़ करोड़ बच्चे अध्ययन कर रहे हैं. उन बच्चों को अगर आप समय पर स्वच्छता के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराएं तो आपका भी सम्मान बढ़ेगा. जब बच्चे अच्छे बनेंगे, आगे बढ़ेंगे तो याद रखना इसका लाभ भी आपको प्राप्त होगा, क्योंकि यही बच्चे हमारे भविष्य हैं. मुख्यमंत्री ने रसोइयों को सलाह दी कि फूड प्वाइजन न होने पाए. गंदगी रही या कभी कोई कीड़ा या छिपकली भोजन में गिरे या लापरवाही होती है, ये जीवन के साथ खिलवाड़ है. यह नहीं होने देना है. जब आप रसोई में खाना बनाएं तो आपके अलावा किसी बाहरी व्यक्ति को वहां आने ही न दें, क्योंकि कोई भी व्यक्ति विश्वासघात कर सकता है. आपकी सुरक्षा के साथ भी और इन मासूम बच्चों के साथ भी.

उन्होंने कहा कि 2017 के पहले हमारे बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालय वीरान दिखते थे. उदासीनता थी. स्कूल उजाड़ जैसे लगते थे. आज आप देख रहे होंगे कि ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से 19 पैरामीटर तय किए गए थे. उनमें विद्यालय में फर्श भी बना है. विद्यालय में बालक और बालिकाओं के लिए टॉयलेट भी बनाए गए हैं. पेयजल की भी व्यवस्था की गई है. ज्यादातर विद्यालय में किचन भी बन गए हैं. वहां पर स्मार्ट क्लास बन गई है. डिजिटल लाइब्रेरी बन गई है. अच्छे पुस्तकालय बन गए हैं. 2017 के पहले बच्चे हमारी चिंता का विषय होते थे. तब मैं एक सांसद था मैंने देखा था कि बच्चे स्कूल जाते थे तो उन्हें कुछ पता नहीं होता था. आज मैं देखता हूं उन बच्चों को अक्षर ज्ञान भी है, वाक्य विन्यास की जानकारी है. गणित की जानकारी है, साइंस की भी जानकारी है, इंग्लिश की भी जानकारी है. वह बच्चे आगे बढ़ रहे हैं. यह बच्चे आगे बढ़ेंगे तो देश आगे बढ़ेगा। देश आगे बढ़ेगा तो हर भारतवासी का सम्मान होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button