बरेली: पत्रकार अखिलेश कुमार सिंह ने DIG मुनिराज जी से की मुलाकात, मेयर के PRO प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग

बरेली। मेयर के PRO प्रकरण में पत्रकार अखिलेश कुमार सिंह के खिलाफ दर्ज FIR का मामला एक बार फिर चर्चा में है। गुरुवार को पत्रकार अखिलेश कुमार सिंह ने बरेली परिक्षेत्र के DIG मुनिराज जी से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान उन्होंने अपने पक्ष में कॉल रिकॉर्डिंग सहित कई महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी अधिकारियों को सौंपे।
दरअसल, 12 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली में FIR संख्या 0563 दर्ज कराई गई थी। शिकायत में पत्रकार अखिलेश कुमार सिंह पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं, पत्रकार ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल कार्यालय से कूड़ा नहीं उठने की समस्या को लेकर शिकायत करना था।
कॉल रिकॉर्डिंग और CDR जांच की मांग
DIG को सौंपे गए प्रार्थना पत्र में अखिलेश कुमार सिंह ने कथित बातचीत के समय, कॉल की संख्या, अवधि और खबर प्रसारित होने के समय में अंतर का हवाला दिया। उन्होंने कॉल रिकॉर्डिंग और CDR की तकनीकी जांच कराने की मांग की, ताकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
पत्रकार का दावा है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उन्हें न्यायालय से इस मामले में स्टे भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने मांग की कि किसी वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराई जाए और उनके द्वारा सौंपे गए सभी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को विवेचना में शामिल किया जाए।
DIG ने CO सिटी को भेजा प्रार्थना पत्र
मामले को गंभीरता से लेते हुए DIG मुनिराज जी ने पत्रकार का प्रार्थना पत्र निष्पक्ष जांच के लिए CO सिटी को अग्रसारित कर दिया। साथ ही निष्पक्ष जांच का आश्वासन भी दिया।
अब इस मामले में आगामी विवेचना, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
पत्रकार अखिलेश कुमार सिंह का कहना है कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उनकी मांग है कि जांच बिना किसी दबाव के सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर हो, ताकि सच्चाई सामने आ सके।


