मनोरंजनसिनेमा

पाक सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ भारत में बैन, सरकार ने नेटफ्लिक्स को दी चेतावनी

नई दिल्ली। भारतीय दर्शकों की भावनाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा की संवेदनशीलता को सर्वोपरि रखते हुए केंद्र सरकार ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को कड़ा संदेश दिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से स्पष्ट रूप से कहा है कि वह हर हाल में यह सुनिश्चित करे कि पाकिस्तान में निर्मित कोई भी वेब सीरीज या अन्य डिजिटल कंटेंट भारत में रिलीज और स्ट्रीम न हो।

दरअसल, नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ का ट्रेलर मंगलवार को जारी होने के बाद से ही देशभर में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। चार दिसंबर को रिलीज होने वाली इस सीरीज के भारत में प्रसारण की आशंका को लेकर मंत्रालय को कई शिकायतें मिली हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को आठ मई 2025 की अपनी एडवाइजरी का पालन करने और जून 2025 में सरकार को दिए गए अपने उस वादे पर कायम रहने का निर्देश दिया है, जिसमें कंपनी ने भारत में कोई भी पाकिस्तानी फिल्म या सीरीज उपलब्ध न कराने की बात कही थी।

गौरतलब है कि पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार ने सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म को पाकिस्तानी कंटेंट हटाने का निर्देश दिया था। बहरहाल, मौजूदा विवाद पर फिल्म जगत के दो बड़े संगठनों – ‘ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ और ‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाइज’ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

एआइसीडब्ल्यूए अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने पाकिस्तान को आतंकी देश करार देते हुए कहा कि “भारतीय स्क्रीन पर किसी भी पाकिस्तानी चेहरे, आवाज या कहानी के लिए कोई जगह नहीं है।”

वहीं, पांच लाख सदस्यों वाले संगठन एफडब्ल्यूआइसीई के अध्यक्ष बी.एन. तिवारी ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि यह सीरीज भारत में रिलीज हुई, तो नेटफ्लिक्स के सभी प्रोजेक्ट की शूटिंग रोक दी जाएगी। उनके लिए देश पहले है और पाकिस्तानी कलाकारों का यहां कोई स्वागत नहीं है।

दूसरी ओर, इस कदम पर पाकिस्तान के योजना एवं विकास मंत्री अहसान इकबाल ने अपनी प्रतिक्रिया में इसे कला और संस्कृति को हथियार बनाना बताया और सोशल मीडिया पर ‘ग्रो-अप इंडिया’ हैशटैग लिखा।

मोमिना दुरैद द्वारा निर्मित यह सीरीज फरहत इश्तियाक के मशहूर उर्दू उपन्यास पर आधारित है, जिसमें फवाद खान, माहिरा खान, सनम सईद, अहद रजा मीर और हानिया आमिर जैसे पाकिस्तानी कलाकार नजर आने वाले हैं। फिलहाल नेटफ्लिक्स ने भारत में इसकी रिलीज को लेकर चुप्पी साध रखी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button