12 हजार वर्ग मीटर जमीन पर गरजा प्राधिकरण का बुलडोजर, पक्के निर्माण ढहाए; कार्रवाई से ग्रेटर नोएडा में मचा हड़कंप

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में अतिक्रमण के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई लगातार जारी है। नए सीईओ डॉ. बलकार सिंह के चार्ज संभालने के बाद से ही अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ सख्ती देखने को मिल रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को बिसरख के डूब क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर अवैध अतिक्रमण ध्वस्त किया गया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। यहां कॉलोनाइजर बाउंड्री बनाकर अवैध प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे।
बिसरख में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर
शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-3 की टीम ने बिसरख के डूब क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस दौरान खसरा संख्या 341 और 357 की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ढहा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया। प्राधिकरण की टीम ने कॉलोनी काट रहे कालोनाइजरों को चेतावनी दी कि दोबारा अवैध निर्माण करने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नए CEO के निर्देश पर लगातार हो रही कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने अधिसूचित क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश पर प्राधिकरण की टीमें लगातार अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चला रही हैं।
शुक्रवार की कार्रवाई में वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक प्रशांत समाधिया और उनकी टीम शामिल रही।
जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से लें जानकारी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की अनुमति नहीं है। यदि कोई अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर उसकी पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनियों में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।



