उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्‍य

‘सैफई सिंडिकेट सिर्फ नोट गिनता है’, युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर सपा पर बरसे योगी

लखनऊ में 1594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार जिस रफ्तार से युवाओं को नियुक्ति पत्र बांट रही है, उसे ‘सैफई सिंडिकेट’ गिन भी नहीं पाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सैफई सिंडिकेट के लोग नोट गिनने के अलावा कुछ गिनते ही नहीं हैं। योगी ने सपा के घोषणा पत्र में 30 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज जो लोग 30 लाख नौजवानों को नौकरी देने की बात कर रहे हैं, उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि जब उनकी सरकार सत्ता में थी, तब युवाओं के लिए क्या किया था। योगी ने कहा कि उनकी सरकार में पारदर्शी व्यवस्था के तहत योग्य युवाओं को बिना भेदभाव रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को भ्रष्टाचार और परिवारवाद से मुक्त कर युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर नियुक्तियां दी जा रही हैं।

जब सरकार में थे, तब क्या किया?

योगी ने कहा कि सपा और बसपा ने अपने पूरे कार्यकाल में जितनी नौकरियां नहीं दीं, उससे दोगुने नियुक्ति पत्र उनकी सरकार ने बांटे हैं। उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों में 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। इनमें आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और दो हजार शिक्षक शामिल हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सैफई सिंडिकेट उनकी सरकार की नियुक्तियों की रफ्तार और संख्या नहीं गिन पाएगा। अगर अखिलेश को गिनती आती है तो उन्हें बताना चाहिए कि उनकी सरकार अब तक 10 लाख नियुक्ति पत्र दे चुकी होगी।

राम मंदिर और नोएडा पर भी अखिलेश को घेरा

मुख्यमंत्री ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने और नोएडा को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश राम मंदिर का विरोध करते हैं। उन्हें भगवान से डरना चाहिए, पाखंड से नहीं। योगी ने कहा कि नोएडा यूपी की अर्थव्यवस्था का चेहरा है, लेकिन पिछली सरकार ने उसे लूट-खसोट का अड्डा बना दिया था। पाखंड के कारण अखिलेश नोएडा नहीं जाते थे, जबकि वो भगवा कपड़े पहनते हैं, लेकिन उन्हें नोएडा जाने से कोई परहेज नहीं है।

यूपी में फर्जीवाड़े पर फिल्में बनती थी- योगी

योगी ने 2017 से पहले की भर्ती प्रक्रियाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उस समय यूपी में फर्जीवाड़े पर ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ जैसी फिल्में बनती थीं। मेहनत करने वाले युवाओं की कोई कीमत नहीं थी। उन्होंने 2015 के यूपीपीएससी परिणाम का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक में थर्ड डिवीजन पाने वाले अभ्यर्थी को टॉपर बनवाया गया था। साथ ही आरोप लगाया कि पिछली सरकार में नौकरी निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। अभ्यर्थी परीक्षा देते थे, लेकिन नियुक्ति पत्र किसी और को मिल जाता था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने प्रदेश को अपनी बपौती समझकर लूटा और अपने बच्चों को विदेश में पढ़ने भेजा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button