मेरठ में जगन्नाथ यात्रा के रथ में उतरा करंट, एक श्रद्धालु की मौत; 20 से ज्यादा झुलसे

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकालने के दौरान हादसे की खबर सामने आई है। भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के हाईटेंशन लाइन से टकराने से उसमें बिजली उतरी। बिजली के तेज झटके से एक की मौत हो गई। वहीं, हादसे में 20 लोगों के घायल होने की जानकारी समने आई है। शहर में तेज बारिश के बीच रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजरती 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से रथ के टकराने से हादसा हो गया। मामले में मृतक का नाम सचिन बताया जा रहा है। करंट लगने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बुरी तरह झुलसे अन्य लागों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस
रथ यात्रा के दौरान जुलूस में करंट उतरने से मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात अभिजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद वहां से घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना परीक्षितगढ़ इलाके की है। यहां हर वर्ष की तरह इस बार भी रथयात्रा का आयोजन हो रहा था। इसमें करीब 2 हजार श्रद्धालु शामिज थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रथ में करंट उतरते ही उस पर सवार लोग नीचे गिरने लगे। लोग चीखने लगे। वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जान बचाने के लिए लोग भागने लगे।
घटना की जानकारी पर पहुंचे एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि रथयात्रा निकाले जाने के दौरान हादसा हुआ है। सड़क की ऊंचाई और रथ की ऊंचाई दोनों के कारण यह हाई टेंशन लाइन से टकरा गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई। प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
परीक्षितगढ़ के ओम पब्लिक स्कूल में जगन्नाथ भगवान की शोभायात्रा और कथा का आयोजन हुआ था। भगवान जगन्नाथ की शोभायात्रा पांच उिप पहले निकाली गई थी। इसके बाद महाराज रोहित रिसालिया वृंदावन की कथा का आयोजन हो रहा था। गुरुवार शाम कथा का समापन हुआ। इसके बाद शुक्रवार दोपहर को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा बैंड बाजों के साथ नगर में निकाली गई। यात्रा शुरू होते ही यह हादसे की खबर सामने आई है। हादसे में करंट लगने से परीक्षितगढ़ के रहने वाले 30 वर्षीय सचिन की जान चली गई।
मामले में सामने आया है कि भगवान जगन्नाथ को रथ पर विराजमान किया गया। इसके बाद पूजा अर्चना शुरू होने वाली थी। इसी दौरान बारिश हो गई। बिना विधिवत पूजन के ही कुछ लोगों ने रथ खींचना शुरू कर दिया। कई श्रद्धालुओं ने इसका विरोध किया। रजवाहे की पटरी की तरफ से रथ को निकालने के क्रम में इसकी चोटी बिजली के तार से छू गई। रथ में करंट उतरा और हादसा हो गया।
कई घायल हैं गंभीर
रथ में बिजली उतरने के बाद सचिन इसकी चपेट में आ गया। वह गंभीर रूप से झुलस गया था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। अन्य झुलसे लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में परीक्षितगढ़ के रहने वाले प्रियांशु, विवेक, मनीष निवासी औरंगाबाद, शिवम, यश एवं पीहू, अहमदपुरी के निमेष, लखीमपुर खीरी के महाराज भरतदास, राजेश मिश्रा आदि शामिल हैं।



