YEIDA में घरों की बढ़ती मांग पर बड़ा दांव, ग्रुप हाउसिंग के पांच भूखंडों की योजना जल्द होगी लॉन्च

ग्रेटर नोएडा: यमुना विकास प्राधिकरण आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल्द ग्रुप हाउसिंग प्लॉट योजना लाने की तैयारी में है। योजना के तहत पांच भूखंडों का आवंटन ई-नीलामी के जरिए किया जाएगा। साथ ही अधिक खरीदारों को अवसर देने के लिए बड़े भूखंडों को छोटे प्लॉट में विभाजित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में मकानों और आवासीय भूखंडों की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। प्राधिकरण की आवासीय प्लॉट योजनाओं में लाखों लोग आवेदन करते हैं, लेकिन उपलब्ध भूखंडों की संख्या मांग के मुकाबले काफी कम होती है।
जल्द लॉन्च करने की योजना
इसी बढ़ती जरूरत को देखते हुए प्राधिकरण सामान्य आवासीय भूखंड योजनाओं के साथ अब ग्रुप हाउसिंग श्रेणी में भी नई भूखंड योजना लाने की तैयारी कर रहा है। इसे जल्द लॉन्च किए जाने की संभावना है। प्राधिकरण के राजस्व लक्ष्य को हासिल करने में ग्रुप हाउसिंग भूखंड योजनाएं पहले भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं।
बड़े भूखंड से पीछे हट रहे बिल्डर
यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रुप हाउसिंग भूखंड योजना को जल्द अंतिम रूप देकर जारी किया जाएगा। प्राधिकरण के पास ग्रुप हाउसिंग श्रेणी के कई बड़े भूखंड उपलब्ध हैं, लेकिन ऊंची कीमत के चलते बिल्डर अक्सर इनके लिए आवेदन करने से पीछे हट जाते हैं। इसके अलावा, जमीन से जुड़े कानूनी विवाद भी योजना लागू करने में बड़ी बाधा बनते हैं।
भूखंड के कुछ हिस्से विवादित
कई भूखंडों के कुछ हिस्सों को लेकर अदालत में मामले लंबित हैं। ऐसे में प्राधिकरण पूरे भूखंड को योजना में शामिल नहीं कर सकता। इस समस्या के समाधान के लिए विवादित हिस्से को अलग कर शेष बड़े भूखंड को छोटे-छोटे प्लॉट में विभाजित कर नई योजना लाने की संभावना पर विचार किया जा रहा है।



