ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटी में लाखों की चोरी, खिड़की तोड़कर फ्लैट में घुसे चोर; जेवर-नकदी ले गए

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कैपिटल एथेना सोसायटी में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के बंद फ्लैट से लाखों रुपये के गहने और 60 हजार रुपये कैश चोरी हो गए। चोर किचन की खिड़की तोड़कर फ्लैट में घुसे थे। इस घटना के बाद सोसायटी के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बिसरख थाना क्षेत्र की कैपिटल एथेना सोसायटी के टावर नंबर छह में फ्लैट नंबर 702 में मनुज पुरी अपनी पत्नी नेहा और बच्चों के साथ रहते हैं। मनुज सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। रक्षाबंधन पर उनकी पत्नी दिल्ली स्थित अपने मायके गई थीं। मंगलवार को मनुज ड्यूटी के बाद पत्नी को लेने दिल्ली चले गए थे।
इसी दौरान चोरों ने उनके बंद फ्लैट को निशाना बनाया। शाम करीब सात बजे मनुज पत्नी के साथ सोसायटी पहुंचे। उन्होंने देखा कि फ्लैट का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे लाखों रुपये के गहने और 60 हजार रुपये कैश गायब हैं। चोर फ्लैट में रखा कुछ और कीमती सामान भी ले गए। चोर सीढ़ियों के पास बनी किचन की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे थे।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोर किस रास्ते से सोसायटी में घुसे और वारदात के बाद किस तरफ भागे।
बिसरख कोतवाली पुलिस ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



