उत्तर प्रदेशराज्‍य

यूपी पुलिस को मिलेगा बड़ा मानव संसाधन बल, सीएम योगी ने दिए 81472 पदों पर भर्ती में तेजी के निर्देश

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीक आधारित निगरानी को और सुदृढ़ किया जाए। साथ ही आरक्षण मानकों का पूर्ण पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता के साथ अभ्यर्थियों का चयन किया जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस को और अधिक सक्षम, आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में यह वर्ष महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रदेश पुलिस बल में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित है।

शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के कार्यों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती व पदोन्नति की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी हों। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में भर्ती बोर्ड के माध्यम से पुलिस के कुल 81,472 पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित है।

मृतक आश्रित भर्ती के 201 पद शामिल

इनमें उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के 4543, होमगार्ड के 41,424, आरक्षी नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों के 32,679, कंप्यूटर आपरेटर ग्रेड-ए के 1352, उप निरीक्षक (गोपनीय) व पुलिस सहायक उप निरीक्षक (लिपिक एवं लेखा) के 537, प्रोग्रामर ग्रेड-2 के 55, रेडियो सहायक परिचालक के 44, कुशल खिलाड़ी भर्ती के 637 तथा मृतक आश्रित भर्ती के 201 पद शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के लिए दस्तावेजों की जांच व शारीरिक मानक परीक्षण जून में तथा अंतिम परिणाम जुलाई के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित है। होमगार्ड नामांकन-2025 के अंतर्गत दस्तावेजों की जांच व शारीरिक मानक परीक्षण जुलाई में, पीईटी अगस्त में और अंतिम परिणाम सितंबर के दूसरे सप्ताह में जारी किए जाने की तैयारी की गई है।

लिखित परीक्षा आठ, नौ व 10 जून को प्रस्तावित

इसी प्रकार आरक्षी व समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा आठ, नौ व 10 जून को प्रस्तावित है। इस परीक्षा के लिए 28 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसका अंतिम चयन परिणाम अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह तक घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं कुशल खिलाड़ी भर्ती के अंतर्गत सभी 25 खेल विधाओं में परीक्षण सम्पन्न हो चुका है। अंतिम परिणाम जून के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित है। अन्य तकनीकी व लिपिकीय संवर्गों की भर्तियों के लिए भी चरणबद्ध कार्यवाही जारी है।

वर्तमान में कुल 9406 पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया संचालित

मृतक आश्रित भर्ती के मामलों को लेकर मुख्यमंत्री ने मानवीय और व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाने और नियमों को सरल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में कुल 9406 पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया संचालित है। वर्ष 2017 से मई 2026 तक भर्ती बोर्ड द्वारा विभिन्न संवर्गों में कुल 2,21,245 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इसी अवधि में 1,60,819 पुलिस कार्मिकों को पदोन्नति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस देश की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण पुलिस बलों में से एक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button