उत्तर प्रदेशराज्‍य

यूपी में 5 से 21 जून तक चलेगा अभियान; गांवों में चौपाल लगाएंगे मंत्री और सांसद, सीएम योगी ने दिए निर्देश

लखनऊ। केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रदेश में पांच जून से 21 जून तक सत्ता और संगठन मिलकर बड़ा जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मंत्रिमंडल और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ संदेश दिया कि सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाए।

इसके तहत हर विधान सभा क्षेत्र में ‘प्रगति पथ यात्रा’, चौपाल, रात्रि विश्राम, जनकल्याण मेले, मीडिया संवाद और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित होंगे। सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, किसान कल्याण, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, रोजगार और इन्फ्रास्ट्रक्चर में हुए बदलावों को जनता के बीच प्रमुखता से रखेगी।

मुख्यमंत्री ने अपने आवास में आयोजित बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, सामाजिक न्याय और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभांवित लोगों की सफलता की कहानियों को भी अभियान का हिस्सा बनाया जाए, ताकि जनता सीधे बदलाव को महसूस कर सके।

बैठक में क्या हुआ तय?

बैठक में तय किया गया कि पांच जून से 21 जून के बीच प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में करीब 10 किलोमीटर लंबी ‘प्रगति पथ यात्रा’ निकाली जाएगी। जनप्रतिनिधि गांवों में रात्रि विश्राम करेंगे, चौपाल लगाएंगे और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे। ग्राम्य विकास विभाग इस अभियान का समन्वय करेगा, जबकि सांसद और विधायक सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

सरकार ने अभियान को सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए सामाजिक भागीदारी से जोड़ने की रणनीति बनाई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रबुद्ध वर्ग, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, व्यापारिक संगठनों, उद्यमियों, युवाओं और महिलाओं से सीधा संवाद किया जाए। विश्व पर्यावरण दिवस पांच जून को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

सरकार की उपलब्धियों पहुंचाएंगे जनता तक

साथ ही पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। आठ से 14 जून तक जनसंपर्क अभियान, संवाद कार्यक्रम और पैदल मार्च आयोजित किए जाएंगे। 11 और 12 जून को मीडिया संवाद होंगे, जबकि 13 और 14 जून को सांसद और विधायक जिला स्तर पर डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाएंगे।

14 से 16 जून के बीच प्रदेश के सभी विकास खंडों और नगरीय निकायों में जनकल्याण मेले लगाए जाएंगे। इनमें योजनाओं की प्रदर्शनियां, आरोग्य मेले, पशु स्वास्थ्य मेले और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के विशेष अभियान चलेंगे। वहीं 16 और 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित कर लाभार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। प्राकृतिक खेती और किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) को बढ़ावा देने के लिए किसानों व कृषि विशेषज्ञों की गोष्ठियां भी होंगी। 18 और 19 जून को केंद्र सरकार की 12 वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।

अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होगा, जब प्रदेश के सभी 825 विकास खंडों और 700 से अधिक नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान जनता से सीधे संवाद स्थापित करने और विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को जनआंदोलन बनाने का माध्यम बने।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button