राष्ट्रीय

अमेरिकन राइफल के साथ टीपीसी का एरिया कमांडर प्रशांत गिरफ्तार, हजारीबाग पुलिस के हत्थे चढ़े 5 उग्रवादी

झारखंड के हजारीबाग जिले की पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के मोस्ट वांटेड एरिया कमांडर प्रशांत उर्फ अवधेश सिंह समेत पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अमेरिका निर्मित एआर 15एम-4 अमेरिकन राइफल सहित कई हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इन्हीं नक्सलियों ने हाल में केरेडारी थाना क्षेत्र में एक खनन कंपनी की साइट पर हमला कर कई वाहनों में आग लगा दी थी। इनके खिलाफ जिले के कई थाना क्षेत्रों में हत्या, फायरिंग, रंगदारी वसूली, अपहरण और फिरौती वसूली के मामले भी दर्ज हैं।

अमेरिकी हथियार के साथ 5 नक्सली गिरफ्तार

हजारीबाग के एसपी अंजनी अंजन ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में बताया कि सदर एसडीपीओ को 12 जून की रात सूचना मिली थी कि टीएसपीसी के 7-8 उग्रवादी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही कार्रवाई के लिए एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। इसने तकनीकी शाखा के सहयोग से सशस्त्र बलों के साथ केरेडारी के तरहेसा जंगल स्थित घाटगोसाई में छापेमारी की। इस दौरान अवधेश कुमार उर्फ प्रशांत के अलावा आदित्य गंझू, देवेन गंझू, धरम गंझू और रूपलाल गंझू को गिरफ्तार किया गया। इनके पास अमेरिका निर्मित एक राइफल के अलावा एक पिस्टल (7.62 मिमी), तीन देसी कट्टा, 28 जिंदा कारतूस, नौ मोबाइल, टीएसपीसी के दस पर्चे, एक पिठ्ठू बैग और एक मैगजीन पाउच बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार नक्सलियों से होगी पूछताछ

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन उग्रवादियों को विदेशी हथियार की सप्लाई किसने की। जरूरत पड़ने पर गिरफ्तार नक्सली सरगना को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा सकती है। एसपी ने बताया कि बीते 1 जून को केरेडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बीजीआर माइनिंग कंपनी के दो वाहनों में आग लगाने में गिरफ्तार नक्सलियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने इस कार्रवाई में बड़कागांव अनुमंडल क्षेत्र में संभावित बड़ी नक्सली घटना को समय रहते विफल कर दिया है। इन सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button