हर विधानसभा सीट पर महिला प्रवासियों को भी उतारेगी बीजेपी, यूपी चुनाव को लेकर बड़ी तैयारी

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी है. पार्टी की महिला मोर्चा ने मिशन 2027 में आधी आबादी को साधने के लिए बड़ा अभियान तैयार किया है. इसके तहत प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर महिला विस्तारक बहनों को प्रवास पर भेजा जाएगा. ये विस्तारक घर-घर जाकर महिलाओं, आमजन और वोटर्स से सीधा संवाद स्थापित करेंगी. केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं के साथ सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी इनके पास होगी.
अपनी इसी अहम रणनीति को जमीन पर उतारने के लिए शुक्रवार को लखनऊ के विश्वैश्वरैया प्रेक्षागृह में बीजेपी की महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय प्रवासी कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान और महाराष्ट्र इन 8 राज्यों से 403 महिला विस्तारक बहनों ने हिस्सा लिया.
कार्यशाला में बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने विस्तारकों को चुनावी अभियान का रोडमैप समझाया.
403 सीटों पर महिला विस्तारकों करेंगी प्रवास
बीजेपी की रणनीति महिला विस्तारकों के जरिए विधानसभा स्तर पर संगठन की पहुंच को मजबूत करने की है. विस्तारक अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में प्रवास करेंगी और महिलाओं के साथ सीधा संवाद भी करेंगी. इसके जरिए महिला वोटर्स को पार्टी से जोड़ने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं का प्रचार करने पर जोर रहेगा.
राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने कहा कि प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारक बहनों को प्रवास के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क अभियान को गति देनी है. उन्हें घर-घर पहुंचकर आमजन और वोटर्स से संवाद करना है. केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ महिलाओं को संगठन से जोड़कर बूथ स्तर पर भाजपा की पकड़ मजबूत करनी है.
महिला शक्ति बनेगी बीजेपी की स्टार प्रचारक
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक तैयारी नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक शक्ति, जनविश्वास और जनसंपर्क का व्यापक अभियान है. इसमें महिला शक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी.
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महिला कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बीजेपी में बहनें सिर्फ महिला कार्यकर्ता नहीं, बल्कि पार्टी की स्टार प्रचारक हैं. उन्हें इन मातृशक्तियों के बीच जाकर पार्टी की विचारधारा और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की योजनाओं से जोड़ने का काम करना है.
सुरक्षा-सुशासन को लेकर जनता के बीच बीजेपी
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि बीजेपी राज में उत्तर प्रदेश भयमुक्त हुआ है और मां, बहनें तथा बेटियां सुरक्षित हो गई हैं. महिला विस्तारकों को यही संदेश लेकर महिलाओं के बीच जाना है.
प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि विस्तारक बहनें अपने अनुभव और संगठनात्मक कौशल के साथ प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के विचारों और सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच पहुंचेंगी.
तीसरी बार सरकार बनाने के संकल्प के साथ मोर्चा
प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी ने कहा कि महिला मोर्चा की बहनें हर विधानसभा क्षेत्र में संगठन की मजबूत कड़ी बनकर काम करेंगी. प्रदेश में लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनाने के संकल्प के साथ मातृशक्ति पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी.
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि मातृशक्ति बीजेपी की नीतियों, नेतृत्व और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ तैयार है. वहीं मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं का परिश्रम और मातृशक्ति का संकल्प आगामी चुनाव में बीजेपी की जीत का मजबूत आधार बनेगा.
कार्यक्रम के तीसरे सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी शामिल होना था, लेकिन उनकी माता की निधन की वजह से वह सीधे अपने गृह राज्य उत्तराखंड रवाना हो गए. कार्यक्रम के शुरू होती मुख्यमंत्री के माता जी के निधन के बाद पंकज चौधरी, ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य भी थोड़ी देर कार्यक्रम में रुकने के बाद वहां से निकल गए.
CM योगी की मां को दी गई श्रद्धांजलि
कार्यशाला की शुरुआत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई. नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा मुख्यमंत्री और उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की.

