खेलमनोरंजन

हर्षित राणा की जगह इस स्टार खिलाड़ी को मिला मौका, टीम इंडिया में हुई वापसी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से ठीक एक दिन पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा, जब युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए. वॉर्म-अप मैच में लगी चोट से हर्षित वक्त पर उबर नहीं पाए, जिसके चलते इस टूर्नामेंट में खेलने का उनका सपना अधूरा रह गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हर्षित की जगह लेने के लिए टीम इंडिया ने एक तेज गेंदबाज को ही चुना है. बताया जा रहा है कि अनुभवी पेसर मोहम्मद सिराज इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय स्क्वॉड में हर्षित की जगह लेंगे.

सिराज की डेढ़ साल बाद वापसी

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को हर्षित की जगह भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया जाएगा. हालांकि अभी तक इस पूरे मामले में BCCI की ओर से कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ किया था कि फिलहाल हर्षित टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुए हैं लेकिन उन्होंने माना था कि युवा पेसर की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है.

जहां तक सिराज की बात है तो उनके लिए ये टी20 फॉर्मेट की टीम इंडिया में लंबे समय बाद वापसी होगी. टेस्ट और वनडे फॉर्मेट की भारतीय टीम का अहम हिस्सा सिराज पिछले डेढ़ साल से भी ज्यादा वक्त से टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं. उन्होंने इस फॉर्मेट में भारत के लिए पिछला मैच जुलाई 2024 में श्रीलंका दौरे पर खेला था. कुल मिलाकर सिराज ने भारत के लिए 16 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उनके खाते में 14 विकेट आए हैं. हालांकि उनका इकॉनमी रेट बेहतर है और उन्होंने 8 से कम के इकॉनमी से रन खर्चे हैं.

वॉर्म-अप मैच में लगी चोट

हर्षित को साथ अफ्रीका के खिलाफ 4 फरवरी को खेले गए वॉर्म-अप मैच में घुटने में चोट लग गई थी. उन्होंने एक ओवर की ही गेंदबाजी की लेकिन इसके बाद वो अपने घुटने के दर्द से परेशान हो गए और फिर उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा. इसके बाद से ही उनके टूर्नामेंट से बाहर होने की आशंका जताई जा रही थी. हर्षित की ये चोट ऐसे वक्त में आई है, जब ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के खेलने पर अभी भी संदेह बना हुआ है. टीम मैनेजमेंट अभी भी उनके पूरी तरह से फिट होने का इंतजार कर रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button