नोएडा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव: पुलिस बता रही आत्महत्या, पिता का आरोप- ‘दोस्ती के चलते हत्या कर लटकाया’

हापुड़ निवासी एक व्यक्ति ने अपने 18 वर्षीय बेटे की संदिग्ध मौत को हत्या बताते हुए पुलिस आयुक्त नोएडा को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित पिता का आरोप है कि उसके बेटे को अगवा कर जंगल में ले जाया गया और वहां जबरन फंदे पर लटका कर उसकी हत्या कर दी गई। जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। वहीं सूरजपुर कोतवाली पुलिस का कहना है कि युवक ने आत्महत्या की है। उसने आत्महत्या से पहले मोबाइल पर पूरा वीडियो भी रिकॉर्ड किया है। उसके मोबाइल से वीडियो मिला है।
हापुड़ निवासी रामेश्वर का कहना है कि उनके 18 वर्षीय पुत्र माइंस का फेसबुक (सोशल मीडिया) के माध्यम से एक युवती से गोपनीय संपर्क हो गया था। इस बात की जानकारी युवती के परिजनों को होते ही परिवार पर धमकियों का सिलसिला शुरू हो गया। पिता का कहना है कि बीती 10 जुलाई 2026 को कुछ लोग उसके घर आए और चेतावनी दी कि अगर बेटा युवती से दूरी नहीं बनाता तो उसका नामोनिशान मिटा दिया जाएगा और शव तक बरामद नहीं होने दिया जाएगा।
परिवार का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी लगातार घर के सामने से आते-जाते धमकाते रहे। 22 जुलाई 2026 को युवक अपनी मां अंजलि को गांव शौलाना से लेकर सुबह करीब साढ़े छह बजे नोएडा के जैतपुर स्थित मिगसन सोसाइटी छोड़ने गया था, जहां उसकी मां घरेलू काम करती थीं। इसी दौरान आरोपी बाइक पर सवार होकर युवक का पीछा करते हुए शौलाना से जैतपुर तक पहुंचे और रास्ते में कई बार उसकी बाइक को ओवरटेक भी किया। दोपहर को युवक ने पिता को घबराहट भरी आवाज में फोन कर जैतपुर बुलाया और फोन काट दिया। इसके बाद दोपहर 12 बजे से शाम साढ़े चार बजे तक बार-बार कॉल करने पर भी फोन नहीं उठा।
परिवार का दावा है कि वह खुद कई घंटों तक जैतपुर क्षेत्र में बेटे की तलाश करते रहे। शाम करीब पांच बजे फोन चौकी सूरजपुर के प्रभारी ने संपर्क कर बताया कि युवक जैतपुर स्थित झिड़ी मंदिर के पास ग्रीन बेल्ट में एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला है। मौके पर पहुंचने पर पिता ने पुलिस को शव पेड़ से उतारकर सील करते और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते देखा। पिता ने मामले में हापुड़ निवासी पांच लोगों पर आरोप लगाए हैं।
पिता का कहना है कि इनमें से एक आरोपी पहले भी हत्या के एक मामले में सजा काट चुका है और सभी लोग परिवार को लगातार धमका रहे थे। जिससे वे लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रहे थे। घटना की सूचना 23 जुलाई को ही थाना सूरजपुर में लिखित रूप में दे दी गई थी, लेकिन अबतक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पिता का कहना है कि उन्होंने गांल शौलाना से लेकर बोड़ा गांव तक की कई सीसीटीवी फुटेज भी निकालकर पुलिस को सौंपी हैं, बावजूद इसके कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं एसीपी सेंट्रल नोएडा राजीव गुप्ता का कहना है कि युवक ने आत्महत्या की है। उसने आत्महत्या से पहले मोबाइल पर पूरा वीडियो भी रिकॉर्ड किया है। उसके मोबाइल से वीडियो मिला है। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजन द्वारा कुछ लोगों पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद है।



