अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर प्यार-शादी और तकरार, अब बेडरूम में मिली पत्नी की लाश, पति फरार

झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मसीहागंज चौकी क्षेत्र में पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और घर के दरवाजों की कुण्डी लगाकर फरार हो गया। मृतका की पहचान दतिया के इन्दरगढ़ निवासी शिवानी उर्फ सुधा (27) के रूप में हुई है। वह लगभग 3 महीने से सीपरी बाजार क्षेत्र के संगम विहार, फौजी तिराहा के पास किराये के मकान में छोटी बहन मुस्कान और भाई अनिकेत के साथ रह रही थी। उसका पति यश ठाकुर ग्वालियर का रहने वाला है और कभी-कभी झाँसी आता था।

मृतका की बहन मुस्कान ने बताया कि रविवार रात शिवानी और यश के बीच विवाद हुआ था। शोर सुनकर पास में रहने वाले मामा सन्तोष मौके पर पहुँचे और दोनों को समझाकर शान्त कराया। इसके बाद अनिकेत मामा के घर चला गया। बाद में शिवानी ने खाना बनाया और सभी अपने-अपने कमरों में सो गए।

मुस्कान के अनुसार, रात लगभग 2 बजे यश ने दरवाजा खुलवाकर बैग और कुछ सामान माँगा। वह आधा दरवाजा खोलकर बाहर ही खड़ा रहा। सामान देने के बाद मुस्कान सो गई। सुबह लगभग 5 बजे उसकी नींद खुली तो उसके कमरे की कुण्डी बाहर से बन्द थी। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। लगभग आधे घण्टे तक प्रयास करने के बाद भी जब कोई नहीं आया तो वह दोबारा सो गई।

भाई अनिकेत ने बताया कि सुबह लगभग 9 बजे वह घर पहुँचा। उसने देखा कि शिवानी के कमरे की कुण्डी बाहर से बन्द थी। कुण्डी खोलकर अन्दर गया तो शिवानी फर्श पर पड़ी थी। उसके कान से खून निकल रहा था और गले पर चोट के निशान थे।

अनिकेत ने दूसरे कमरे की कुण्डी खोलकर मुस्कान को उठाया। इसके बाद आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से शिवानी को मेडिकल कॉलिज ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जाँच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस पति यश ठाकुर की तलाश कर रही है।

सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती, डेढ़ साल पहले की थी शादी

मुस्कान ने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से शिवानी की यश से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच प्रेम सम्बन्ध हुए और परिवार की सहमति के बाद लगभग डेढ़ साल पहले शादी कर ली थी। शादी के बाद शिवानी ग्वालियर में पति के साथ रहने लगी थी।

आरोप है कि वहाँ छोटी-छोटी बातों को लेकर उसके साथ मारपीट की जाती थी। इससे परेशान होकर वह लगभग 3 महीने पहले झाँसी आ गई थी। रक्षाबन्धन से एक दिन पहले शिवानी छोटे भाई कपिल के साथ ग्वालियर गई थी। दो दिन वहाँ रुकने के बाद वह पति के साथ झाँसी लौटी थी। इसके बाद रविवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ और सोमवार सुबह शिवानी की मौत हो गई।

4 बहनों में सबसे बड़ी थी शिवानी

शिवानी 4 बहनों में सबसे बड़ी थी। छोटी बहन प्रीति और नेहा की शादी हो चुकी है, जबकि 18 वर्षीय मुस्कान अविवाहित है। उसके दो भाई अनिकेत (17) और कपिल (14) हैं। पिता सन्तराम वंशकार फलों की फेरी लगाते हैं, जबकि माँ दिल्ली में घरों में काम करती हैं। शिवानी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

दो दिन में तीसरी हत्या से हड़कम्प

सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मसीहागंज चौकी क्षेत्र में दो दिन के भीतर हत्या का यह तीसरा मामला सामने आने से पुलिस महकमे में भी हलचल है। इससे पहले 29 अगस्त की रात गोविन्दपुरी में एक मकान के अन्दर पति-पत्नी के शव मिले थे। दोनों शव करीब 4 से 5 दिन पुराने बताए गए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button