ग्रेटर नोएडा के प्राथमिक स्कूल में छात्र की आंख पर डंडे से हमला, हालत गंभीर; दिल्ली एम्स में भर्ती

ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में एक प्राथमिक विद्यालय के अंदर छात्रों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान एक छात्र ने दूसरे की आंख पर डंडे से हमला कर दिया। घायल छात्र की हालत गंभीर है और उसे दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित छात्र के पिता ने शनिवार शाम 7 बजे दनकौर कोतवाली में आरोपी छात्र और उसके परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लतीफपुर खादर गांव के रहने वाले रणजीत ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा मोहित लतीफपुर बांगर के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ता है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे स्कूल परिसर में मोहित का गांव के ही एक अन्य छात्र से झगड़ा हो गया था।
रणजीत का आरोप है कि झगड़े के दौरान दूसरे छात्र ने मोहित की आंख पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उसकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार पहले मोहित को हरियाणा के एक अस्पताल ले गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे एम्स रेफर कर दिया।
पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि जब वे घटना की शिकायत करने आरोपी के घर पहुंचे, तो उनके साथ मारपीट की गई। शनिवार को मोहित के पिता ने कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कहा कि शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



