एनसीआरनोएडा

नोएडा के नन्हे अव्युक्त का बड़ा कारनामा, 60 सेकंड में 40 क्रिकेटरों को पहचानकर बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

नोएडा: उत्तर प्रदेश में नोएडा के छह वर्षीय अव्युक्त सिंह ने अपनी असाधारण स्मरण शक्ति और पहचान क्षमता का शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार Guinness World Record अपने नाम किया है। नोएडा के सेक्टर-30 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल की KG कक्षा में पढ़ने वाले अव्युक्त ने महज एक मिनट में देश-विदेश के 40 प्रोफेशनल क्रिकेट खिलाड़ियों की पहचान कर यह उपलब्धि हासिल की है।

अव्युक्त ने यह रिकॉर्ड 15 मार्च को अपने आधिकारिक प्रयास के दौरान बनाया था। Guinness World Records ने इस रिकॉर्ड की पुष्टि 6 अगस्त को की। इसके बाद 30 अगस्त को उन्हें इस उपलब्धि के लिए आधिकारिक सर्टिफिकेट और मेडल से सम्मानित किया गया।

पहले डायनासोर और फिर झंडों की पहचान कर बनाया रिकॉर्ड

अव्युक्त सिंह इससे पहले भी अपनी याददाश्त का लोहा मनवा चुके हैं। क्रिकेट खिलाड़ियों की पहचान से पहले उन्होंने डायनासोर की विभिन्न प्रजातियों को पहचानकर Guinness World Record बनाया था। 8 फरवरी को अव्युक्त ने महज एक मिनट में 46 डायनासोरों को उनके वैज्ञानिक नामों सहित पहचान लिया था। इस उपलब्धि के बाद उन्होंने अंडर-16 श्रेणी में दो रिकॉर्ड अपने नाम किए।

इसके अलावा अव्युक्त ने अपनी असाधारण स्मरण शक्ति का प्रदर्शन करते हुए एक मिनट में 90 देशों के झंडों की पहचान कर इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी अपना नाम दर्ज कराया है।

पोस्टर के जरिए शुरू हुई क्रिकेट पहचानने की तैयारी

नोएडा के सेक्टर-17 में रहने वाले अव्युक्त की मां निधि शर्मा के मुताबिक, बचपन से ही उनके बेटे की याददाश्त काफी तेज थी। इसे देखते हुए उन्होंने पोस्टर के माध्यम से अव्युक्त को क्रिकेट खिलाड़ियों की पहचान करना सिखाना शुरू किया।

धीरे-धीरे अव्युक्त ने अलग-अलग क्रिकेट खिलाड़ियों के चेहरों को पहचानना शुरू किया और उनकी यह क्षमता इतनी मजबूत हो गई कि उन्होंने रिकॉर्ड बनाने की तैयारी की।

छह साल की उम्र में तीन बड़ी उपलब्धियां

अव्युक्त की उपलब्धियों की खास बात यह है कि उन्होंने बेहद कम उम्र में अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान क्षमता का प्रदर्शन किया है। पहले डायनासोर की प्रजातियों को उनके वैज्ञानिक नामों के साथ पहचानना, फिर 90 देशों के झंडों को पहचानना और अब एक मिनट में 40 प्रोफेशनल क्रिकेट खिलाड़ियों की पहचान करना उनकी असाधारण स्मरण शक्ति को दिखाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button