अंतर्राष्ट्रीय

फ्लोरिडा में व्यस्त सड़क के पास जेट क्रैश, 9 लोगों की मौत

अमेरिका के फ्लोरिडा में एक बिजनेस जेट विमान रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई. अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने इसकी पुष्टि की है.

जानकारी के मुताबिक, ‘लियरजेट 60’ विमान टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा था. डफी ने बताया कि फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) एक टीम भेज रहा है, जो दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड की मदद करेगी.

विमान में 9 लोग सवार थे. रविवार को यह विमान दक्षिण फ्लोरिडा के एक इलाके में सीधे नीचे आ गिरा. जमीन से टकराते ही विमान में जोरदार धमाका हुआ. यह घरों से टकराने से बाल-बाल बच गया और एक व्यस्त सड़क के पास जा गिरा. हादसे के बाद सड़क पर आग लग गई और वहां बड़ा गड्ढा बन गया.

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, यह विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के लिए रवाना हुआ था. हालांकि, अभी तक हादसे की वजह और विमान में सवार लोगों की पहचान सामने नहीं आई है.

ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने बताया कि यह एक निजी विमान था. उन्होंने इसे एक बड़ी त्रासदी बताया है. इस विमान का टेल नंबर N722BD था.

घरों से कुछ ही दूर गिरा विमान

कार में बैठे लोगों ने इस हादसे का वीडियो बनाया. वीडियो में साफ दिख रहा है कि विमान आसमान से तेजी से नीचे गिरा और सड़क के पास टकराते ही उसमें जोरदार धमाका हुआ. टक्कर के बाद सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया. उसके आसपास आग की लपटें उठ रही थीं. विमान घरों से कुछ ही फीट की दूरी पर गिरा था.

वहीं, सड़क से गुजर रही गाड़ियों से भी वह कुछ इंच की दूरी पर था. दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में घना काला धुआं फैल गया. हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि आसपास के घरों को कोई नुकसान पहुंचा है या नहीं.

आपातकालीन टीमें मौके पर मौजूद

यह हादसा मिलिट्री ट्रेल और 10वें एवेन्यू नॉर्थ के पास हुआ. घटना के बाद पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने दोनों तरफ की सड़कें बंद कर दीं. साथ ही, वाहन चालकों से उस इलाके में न जाने की भी अपील की है. दमकलकर्मी और अन्य आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंची.

पास में ही काम करने वाली एक महिला के मुताबिक, हादसे के बाद इलाके में करीब दो घंटे तक बिजली गुल रही. फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button