
कोटा. राजस्थान के कोटा की रहने वाली बॉक्सर अरुंधति चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग में अपनी प्रतिभा का दम दिखाते हुए एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है. फिनलैंड में आयोजित प्रतिष्ठित तम्मेर कप बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अरुंधति ने स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की. 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने लगातार तीन मुकाबले जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. खास बात यह रही कि अरुंधति ने क्वार्टर फाइनल से लेकर फाइनल तक हर मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती दी.
फाइनल में उनका सामना आयरलैंड की बॉक्सर एवलिन ईघरो से हुआ, जहां अरुंधति ने 4-1 के अंतर से जीत दर्ज की. इससे पहले उन्होंने क्वार्टर फाइनल में मेजबान फिनलैंड और सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की खिलाड़ी को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी. ओलंपिक भार वर्ग के शीर्ष आठ खिलाड़ियों की भागीदारी वाली इस प्रतियोगिता में अरुंधति का प्रदर्शन भारतीय बॉक्सिंग के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
क्वार्टर फाइनल से लेकर फाइनल तक में दिखाया दम
कोटा महाबली स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी अरुंधति चौधरी ने प्रतियोगिता की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया. उनके बेसिक कोच अशोक गौतम ने बताया कि क्वार्टर फाइनल में अरुंधति का मुकाबला फिनलैंड की विलमा कूसीक्को से हुआ. अरुंधति ने इस मुकाबले में जीत हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. इसके बाद सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की बीलोओलुना के सामने उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया और जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया. खिताबी मुकाबले में आयरलैंड की एवलिन ईघरो से उनका सामना हुआ. यहां भी अरुंधति ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 4-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस तरह उन्होंने टूर्नामेंट में अपने तीनों मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया.
ओलंपिक भार वर्ग के टॉप-8 बॉक्सर्स ने लिया हिस्सा
कोच अशोक गौतम ने बताया कि तम्मेर कप अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग की प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में शामिल है. इसमें ओलंपिक भार वर्ग के शीर्ष आठ खिलाड़ियों ने अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व किया. प्रतियोगिता में भारत की ओर से सात महिला और सात पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. ऐसे मजबूत अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धी माहौल में अरुंधति का तीनों मुकाबले जीतकर गोल्ड हासिल करना उनकी मेहनत और खेल कौशल को दर्शाता है.
अरुंधति की सफलता पर कोटा में जश्न का माहौल
अरुंधति की इस उपलब्धि के बाद कोटा में खुशी का माहौल है. उनकी सफलता पर कोटा बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष एवं उनके पिता सुरेश चौधरी, माता सुनीता चौधरी और खेल जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता जताई. सभी ने अरुंधति को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही अरुंधति की यह जीत कोटा के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी.



