
तत्कालीन उपराष्ट्रपति कृष्णकांत के हाथों मिला था सम्मान, प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से मिला सिल्वर बैटन और गृह मंत्रालय ने भेंट की थी 9 एमएम पिस्टल
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर एवं वरिष्ठ IPS अधिकारी श्रीमती लक्ष्मी सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा किसी पुलिस अभियान, अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई या प्रशासनिक फैसले को लेकर नहीं, बल्कि उनकी 25 साल पुरानी एक यादगार तस्वीर को लेकर हो रही है। खास बात यह है कि इस तस्वीर को स्वयं पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया है।
इस तस्वीर के साथ उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा में अपने करियर के एक बेहद गौरवशाली अध्याय को याद किया। लक्ष्मी सिंह ने बताया कि 31 अक्टूबर 2001 को उनकी पासिंग आउट परेड आयोजित हुई थी। इस अवसर पर उन्हें तत्कालीन उपराष्ट्रपति कृष्णकांत के हाथों प्रतिष्ठित ‘बेस्ट प्रोबेशनर’ सम्मान प्राप्त हुआ था।
उनकी उपलब्धियों को देखते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से उन्हें सिल्वर बैटन प्रदान किया गया था। वहीं, गृह मंत्रालय की ओर से 9 एमएम पिस्टल भी भेंट की गई थी।
31/10/2001 को आज से ठीक 25 वर्ष पूर्व पासिंग आउट परेड के अवसर पर माननीय उपराष्ट्रपति द्वारा “ बेस्ट Probationer” का सम्मान- प्रधान मंत्री महोदय का “ Silver Baton” एवं गृह मंत्रालय द्वारा 9 mm pistol प्राप्त करने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ। https://t.co/Sbkk0AnPGD
— CP Noida (@CP_Noida) October 31, 2026
25 साल पुरानी उपलब्धि, आज भी खास
लक्ष्मी सिंह की यह पोस्ट उनके जीवन के उस महत्वपूर्ण पड़ाव की याद दिलाती है, जब उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा में अपने सफर की शुरुआत की थी। प्रशिक्षण के दौरान हासिल किया गया यह सम्मान उनकी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है।
आज गौतमबुद्ध नगर जैसे महत्वपूर्ण पुलिस कमिश्नरेट की जिम्मेदारी संभाल रहीं लक्ष्मी सिंह की यह पुरानी तस्वीर उनके लंबे सेवाकाल के एक गौरवशाली अध्याय को सामने लाती है। उनकी इस पोस्ट के जरिए लोगों को उनके करियर की शुरुआत और उस समय हासिल की गई उपलब्धियों की झलक देखने को मिली है।
25 साल का सफर… सम्मान की वही चमक और यादों में आज भी जिंदा वह गौरवशाली पल!



