
नोएडा में एक डॉक्टर दंपती पर प्लॉट आवंटन और विभिन्न सरकारी काम कराने के नाम पर 24 करोड़ रुपए की ठगी का आरोप लगा है। रोहिल्लापुर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने डॉक्टर नितेंद्र सिंह और उनकी पत्नी राबिन गौर के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मनोज कुमार का आरोप है कि दंपती ने नोएडा प्राधिकरण और यमुना प्राधिकरण में प्रभावशाली अधिकारियों से करीबी संबंध होने का भरोसा दिलाया। मेडिकल डिवाइस पार्क में प्लॉट, नोएडा में रद्द हो चुका कमर्शियल प्लॉट दोबारा आवंटित कराने, किसान कोटे के अतिरिक्त 5 प्रतिशत प्लॉट और कमर्शियल प्लॉट दिलाने के नाम पर उनसे अलग-अलग समय में करोड़ों रुपए लिए गए।
जेवर एयरपोर्ट पर फूड कोर्ट और वाइन शॉप दिलाने का दिया झांसा
एफआईआर के अनुसार, आरोपियों ने जेवर एयरपोर्ट टर्मिनल पर फूड कोर्ट और वाइन शॉप दिलाने के नाम पर मार्च 2023 से जुलाई 2026 के बीच करीब 5.30 करोड़ रुपए लिए। वहीं, यमुना प्राधिकरण में ग्रुप हाउसिंग प्लॉट दिलाने के नाम पर भी करीब 5.70 करोड़ रुपए लेने का आरोप है।
शिकायतकर्ता का दावा है कि मेडिकल डिवाइस पार्क में प्लॉट दिलाने के लिए पहले 6 लाख रुपए लिए गए। इसके बाद सेक्टर-61 में रद्द कमर्शियल प्लॉट दोबारा आवंटित कराने के नाम पर करीब 2.80 करोड़ रुपए लिए गए। किसान कोटे के अतिरिक्त 5 प्रतिशत प्लॉट के लिए 5.70 करोड़ और 2140 वर्गमीटर कमर्शियल प्लॉट के नाम पर करीब 4.50 करोड़ रुपए लेने का आरोप लगाया गया है।
24 करोड़ से ज्यादा की ठगी का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने अलग-अलग काम कराने के नाम पर उनसे 24 करोड़ रुपए से अधिक की रकम ली। आरोप है कि कोई भी प्लॉट या संपत्ति आवंटित नहीं कराई गई। मनोज कुमार का कहना है कि रकम वापस मांगने पर आरोपी ने 26 नवंबर 2025 को लिखित रूप से करीब 21.78 करोड़ रुपए लौटाने का आश्वासन दिया था। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी ने करीब 31 करोड़ रुपए लेने की बात भी स्वीकार की है और इसकी रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है।
पैसों से अस्पताल और नोएडा में विला खरीदने का आरोप
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि ठगी से हासिल रकम से बुलंदशहर में अस्पताल बनाया गया। इसके अलावा नोएडा के सेक्टर-128 स्थित किंग्सवुड विला में दो विला खरीदने का भी आरोप है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि अक्टूबर-नवंबर 2023 के दौरान उसकी करीब 600 वर्ग गज जमीन अपने नाम करा ली गई। बाद में इस जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। जमीन बचाने के नाम पर भी करीब 8 करोड़ रुपए ठगने का आरोप लगाया गया है।
पैसे मांगे तो परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने अपने रुपए वापस मांगे तो डॉक्टर दंपती ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उसने एफआईआर में यह भी कहा है कि कुछ अज्ञात लोग पिछले कई दिनों से उसके घर के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे रोककर डॉक्टर से पैसे की मांग न करने की चेतावनी दी और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।



