अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

गाजियाबाद सूर्या हत्याकांड: पीड़ित परिवार को नगर पालिका में मिली नौकरी, DM ने मां को सौंपा नियुक्ति पत्र

गाजियाबाद के खोड़ा में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवार से किए गए वादे को पूरा कर दिया है. मंगलवार को गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार खुद सूर्या चौहान के घर पहुंचे और परिवार के एक सदस्य को नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंपा. इस दौरान उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया.

जिलाधिकारी ने परिवार के एक सदस्य को नगर पालिका परिषद खोड़ा में सफाई सुपरवाइजर के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया. परिवार ने प्रशासन की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया. इससे पहले सोमवार को प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी दिया गया था. साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया गया था, जिसे अगले ही दिन पूरा कर दिया गया.

सूर्या चौहान हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था. घटना के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला था. मामले को लेकर लगातार प्रदर्शन और कार्रवाई की मांग उठ रही थी. जानकारी के अनुसार गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में रहने वाले 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान कक्षा 11 के छात्र थे. 28 मई 2026 को उन पर चाकू से हमला किया गया था.

डीएम रविंद्र कुमार ने परिवार को सौंपा नियुक्ति पत्र

बताया गया कि बकरीद के दिन दोपहर करीब साढ़े तीन बजे असद और उसके साथियों ने सूर्या पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल सूर्या को तुरंत नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद मुख्य आरोपी असद फरार हो गया था. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था. बाद में 31 मई 2026 को पुलिस मुठभेड़ में असद मारा गया. वहीं हत्या की साजिश और वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.

मामले में प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है. इसी क्रम में आरोपी असद के मकान पर ध्वस्तीकरण का नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है. प्रशासन ने नोटिस में 15 दिनों के भीतर अवैध निर्माण को स्वयं हटाने के निर्देश दिए हैं. यदि तय समय सीमा में निर्माण नहीं हटाया गया तो प्रशासन की तरफ से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी.

मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर, तीन अन्य आरोपी गिरफ्तार

मंगलवार को जब जिलाधिकारी रविंद्र कुमार सूर्या के घर पहुंचे तो परिवार ने उनका स्वागत किया और प्रशासन द्वारा की गई मदद के लिए धन्यवाद दिया. जिलाधिकारी ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और मामले में आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी. सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद प्रशासन द्वारा दी गई आर्थिक सहायता और नौकरी को परिवार के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. वहीं पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button