उत्तराखंडराज्‍य

शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री के कपाट, 5 क्विंटल फूलों से सजा धाम, जानें अगले 6 महीने कहां होंगे मां गंगा के दर्शन

उत्तरकाशी। चारधामों में प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अमृत बेला और अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर कपाटबंदी की प्रक्रिया संपन्न हुई।

इसके बाद मां गंगा की उत्सव डोली ढोल-दमाऊं की थाप और सेना बैंड की धुनों के बीच जयकारों के साथ शीतकालीन प्रवास मुखवा (मुखीमठ) के लिए रवाना हुई। डोली यात्रा में तीर्थ पुरोहितों के साथ सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

बुधवार को भैयादूज के पर्व पर मां गंगा की डोली मुखवा पहुंचेगी, जहां उत्सव प्रतिमा को शीतकाल के लिए गंगा मंदिर में विराजमान किया जाएगा। गंगोत्री धाम के कपाट ग्रीष्मकाल में अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर खोले जाते हैं, जबकि दीपावली के बाद अन्नकूट पर्व पर शीतकाल के लिए बंद करने की परंपरा है।

इसी परंपरा के तहत मंगलवार तड़के चार बजे से मंदिर में पूजा-अर्चना शुरू हो गई थी। सुबह करीब साढ़े आठ बजे कपाटबंदी की प्रक्रिया शुरू की गई। धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां गंगा की पौराणिक स्वयंभू मूर्ति से मुकुट सहित अन्य कलेवर उतारे गए।

इसके बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा की पाषाण मूर्ति के निर्वाण दर्शन किए और पूजा-अर्चना में भाग लिया। कपाट बंद होने से पहले मां गंगा के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल और सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि निर्धारित मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए।

इसके बाद मां गंगा की उत्सव प्रतिमा को डोली में विराजमान कर मुखवा के लिए रवाना किया गया। तीर्थ पुरोहितों की अगुवाई में निकली डोली यात्रा में श्रद्धालु मां गंगा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।

डोली मंगलवार रात्रि को मार्कंडेय पुरी स्थित देवी मंदिर में विश्राम करेगी। बुधवार को सोमेश्वर देवता की अगवानी में डोली मुखवा पहुंचेगी। यहां उत्सव प्रतिमा को गंगा मंदिर में विराजमान किया जाएगा।

इसके बाद अगले छह माह तक श्रद्धालु मुखवा में मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर चौहान, भटवाड़ी प्रमुख ममता पंवार और डुंडा प्रमुख राजदीप परमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

आज बंद होंगे यमुनोत्री धाम के कपाट

गंगोत्री धाम के बाद बुधवार को भैयादूज के पर्व पर यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर कपाटबंदी होगी।

मां यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली स्थित शनि समेश्वर मंदिर से शनि देव की डोली सुबह अपनी बहन को लेने यमुनोत्री धाम के लिए रवाना होगी। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव मूर्ति खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर पहुंचेगी, जहां शीतकाल में श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button