अपराधएनसीआरनोएडा

नोएडा में बंद फ्लैटों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

सेक्टर-50 की सोसायटी में दो फ्लैटों में की थी चोरी, पुलिस ने सोना-चांदी, एक लाख नकद और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की

नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना सेक्टर-49 पुलिस ने बंद फ्लैटों और मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, एक लाख रुपये नकद, सफेद धातु की सिल्ली, वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार, दो फर्जी नंबर प्लेट और चोरी करने के उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा एक आरोपी के बैंक खाते में घटना से संबंधित पांच लाख रुपये भी फ्रीज कराए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को सेक्टर-50 स्थित द क्रिसेंट अपार्टमेंट के दो फ्लैटों में चोरी की शिकायत मिलने के बाद थाना सेक्टर-49 में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और घटनास्थल के आसपास लगभग 4,000 मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया। हाईवे और जनपद की सीमाओं पर लगे कैमरों की भी जांच की गई।

बारिश का फायदा उठाकर सोसायटी में घुसे थे आरोपी

पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपी वैगनआर कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर नोएडा पहुंचे थे। 11 और 12 अक्टूबर की रात बारिश के दौरान उन्होंने सोसायटी की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और बंद पड़े दो फ्लैटों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी पहचान छिपाने के लिए मास्क और टोपी पहनते थे। चोरी के दौरान आसपास के फ्लैटों की बाहर से कुंडी लगा देते थे, ताकि कोई बाहर न निकल सके। वारदात के बाद सभी आरोपी कार से फरार हो गए थे।

तीन आरोपी गिरफ्तार

19 नवंबर 2026 को पुलिस ने मेघदूतम पार्क, सेक्टर-50 के सामने से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

* वीरेन्द्र उर्फ सोनू निवासी जहांगीरपुरी, दिल्ली।

* सन्नी उर्फ सोनू निवासी आजादपुर, दिल्ली।

* जितेन्द्र मौर्य उर्फ मुन्ना निवासी जिला गोंडा, उत्तर प्रदेश।

लाखों रुपये का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 100 ग्राम सोने का बिस्कुट, सोने का हार, दो ईयर रिंग्स, सोने का ब्रेसलेट, एक लाख रुपये नकद, घड़ी और करीब 1 किलो 900 ग्राम सफेद धातु की सिल्ली बरामद की है। इसके अलावा वैगनआर कार, दो फर्जी नंबर प्लेट और ताला तोड़ने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की बताई गई कीमत लाखों रुपये में है। आरोपी सन्नी के खाते में घटना से संबंधित पांच लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में जितेन्द्र मौर्य के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सन्नी और वीरेन्द्र के खिलाफ भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों का इतिहास सामने आया है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास और उनके फरार साथी की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से बंद फ्लैटों को निशाना बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button