
बादलपुर पुलिस और ANTF टीम की संयुक्त कार्रवाई, करीब 1.5 करोड़ रुपये कीमत का गांजा जब्त; ट्रक में डीजल टैंक जैसी गुप्त कैविटी बनाकर छिपाया गया था नशीला पदार्थ।
ग्रेटर नोएडा। जनपद गौतमबुद्धनगर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना बादलपुर पुलिस और ANTF टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी में कथित रूप से शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 177 किलो 790 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को स्थानीय और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को अंबेडकर पार्क के सामने से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान पुत्र बसीर (31 वर्ष) और आसिफ पुत्र सगीर (20 वर्ष), निवासी सांचोली, थाना सोहना, जिला गुरुग्राम, हरियाणा के रूप में हुई है।
तस्करी का तरीका भी था बेहद शातिर
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर गुरुग्राम जा रहे थे। तस्करी के लिए ट्रक में टूल बॉक्स के पास विशेष गुप्त कैविटी बनाई गई थी, जो देखने में डीजल टैंक जैसी लगती थी। इसी कैविटी में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। आरोपियों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर इसकी डिलीवरी करनी थी।
पहले भी NDPS मामले में जा चुके हैं जेल
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पूर्व में असम राज्य में NDPS एक्ट के एक मामले में जेल जा चुके हैं। उनके आपराधिक इतिहास और तस्करी नेटवर्क के संबंध में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह हुई बरामदगी
177 किलो 790 ग्राम अवैध गांजा।
तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा बिना बॉडी का ट्रक (HR38AB2007)।
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये।
इस मामले में थाना बादलपुर में मुकदमा संख्या 367/2026, धारा 8/20/60 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब जांच के जरिए तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लाई करने वालों और गांजे की डिलीवरी लेने वालों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।



