हिम्मत नहीं है आमने-सामने लड़ने की; अखिलेश की अयोध्या चुनौती पर योगी का जवाब

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर पलटवार किया है। गोरखपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव ने अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाने की बात कही है। इस पर मैंने कहा कि, एक बार आमने-सामने हो ही जाएं, आप भी लड़िए और हम भी लड़ते हैं। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि इनमें हिम्मत नहीं है। कमजोर व्यक्ति कभी आमने-सामने की लड़ाई नहीं लड़ता, बल्कि पीछे से वार करता है।
‘माफिया के बल पर UP को किया तबाह’
सीएम योगी ने सपा पर पलटवार करते हुए कहा कि इन कायरों का भी यही हाल है, जिन्होंने माफिया के बल पर उत्तर प्रदेश को रौंदा और प्रदेश को तबाह किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने नौजवानों की नौकरी में सेंध लगाई, राज्य की बेटियों और व्यापारियों को असुरक्षित किया और प्रदेश के अन्नदाताओं को भुखमरी की कगार पर पहुंचाने का काम किया। सीएम योगी ने आगे कहा कि साल 2017 से पहले प्रदेश में वन, खनन और पशु माफिया का बोलबाला था।
रोड शो के दौरान हुई घटना पर जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री ने सपा के रोड शो का जिक्र करते हुए कहा कि अगर किसी को माफियागिरी का असली स्वरूप देखना हो, तो सपा का रोड शो देख लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि रोड शो के दौरान एक मासूम बच्चे को शिकार बनाया गया और सपा नेताओं के मुंह से संवेदना का एक शब्द तक नहीं निकला। सीएम योगी ने कहा कि गुंडों और माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सड़कें आम लोगों के बेहतर सफर के लिए बनाई गई हैं, न कि गुंडागर्दी करने के लिए।
‘रामभक्तों पर गोली चलवाने वालों को राम याद आ रहे’
आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2027 के चुनाव का मैदान पूरी तरह तैयार है। जो लोग कभी रामभक्तों पर गोलियां चलवाते थे और अयोध्या का अपमान करते थे, उन्हें अब भगवान राम याद आ रहे हैं। योगी ने सपा और कांग्रेस पर महाराजा सुहेलदेव की उपेक्षा करने और गाजी का मेला लगवाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पहले कब्रिस्तान के नाम पर जमीनों पर कब्जे के लिए पैसा दिया जाता था, लेकिन अब प्रदेश में ऐसा बिल्कुल नहीं होने दिया जाएगा।
गोरखपुर को दी 792 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
इस जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के साथ ही जिले को विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने कुल 792.18 करोड़ रुपये की 55 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 621.05 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।



