एनसीआरनोएडा

पुश्ता रोड पर नोएडा अथॉरिटी खर्च करेगी 280 करोड़ रुपये, यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगी सड़क

नोएडा में यमुना पुस्ते पर करीब 10 किलोमीटर लंबी चार लेन की सड़क बनाई जाएगी। नोएडा प्राधिकरण ने इस परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इसको बनाने में करीब 280 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। यह सड़क सेक्टर-135 से सेक्टर-150 तक बनाई जाएगी।

अभी यमुना पुस्ते पर सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक सड़क बनी है। इससे आगे टूटा हुआ खडंजा है। ऐसे में प्राधिकरण ने यमुना पुस्ते के अंत तक यानी सेक्टर-150 तक सड़क बनाने का निर्णय लिया था। अब प्राधिकरण ने इस परियोजना को आगे बढ़ाया है। यह नई सड़क करीब 10 किलोमीटर लंबी होगी। इसको बनाने में करीब 280 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। अब इसकी लागत का परीक्षण आईआईटी से कराया जाएगा। इसके बाद प्राधिकरण इसके निर्माण का जिम्मा सिंचाई विभाग को सौंपेगा। सिंचाई विभाग ही इसके निर्माण के लिए एजेंसी का चयन करेगा।

इन सेक्टरों में रहने वालों को होगा फायदा

अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक पुस्ता रोड की मरम्मत सिंचाई विभाग से शुरू करवा दी गई है। वहीं, सेक्टर-135 के आगे सेक्टर-150 तक पुस्ता रोड विस्तार की परियोजना को मंजूरी दी गई है। सेक्टर-150 में यमुना पुस्ता रोड को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के समानांतर बनी 45 मीटर रोड में मिलाया जाएगा। इससे सेक्टर-150 और आसपास के सेक्टरों के साथ ही ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहन चालक भी सीधे निकल सकेंगे। इसके साथ ही, सेक्टर-125, 126, 127, 132, 135, 134, 129 और बख्तावरपुर, सुल्तानपुर, शाहपुर गोवर्धन, असगरपुर, नगली वाजिदपुर जैसे कई गांवों तक आना-जाना आसान होगा।

एक्सप्रेसवे पर भी घटेगा दवाब

प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-94 से 150 तक सड़क बनने से लोगों का सफर काफी आसान हो जाएगा। लोग नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के बजाये इस पुश्ता रोड होते हुए गंतव्य की ओर आसानी से जा सकेंगे। इससे एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव भी कम होगा।

यमुना पुस्ता रोड पर प्रदूषण रोकने के निर्देश

वहीं, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) के अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह ने सोमवार को जिले का दौरा कर वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान नोएडा के यमुना पुस्ता रोड पर धूल उड़ने पर उन्होंने नाराजगी जताई। अधिकारियों को प्रदूषण रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। यूपीपीसीबी अध्यक्ष के साथ मुख्य पर्यावरण अधिकारी राधेश्याम भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने जिलाधिकारी मेधा रूपम और यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह के साथ विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। टीम ने नोएडा के सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों की स्थिति देखी। यमुना पुश्ता मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण उड़ रही धूल पर अधिकारियों ने चिंता जताई। साथ ही निर्माण और ध्वस्तीकरण से निकलने वाले मलबे के भंडारण की व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यूपीपीसीबी अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह ने नोएडा के सीईओ कृष्ण करुणेश से फोन पर बातचीत की। उन्होंने शहर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रस्तावित कार्यों को जल्द पूरा कराने को कहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button