एनसीआरनोएडा

नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल के बाहर किसानों का धरना, पुलिस के आश्वासन के बाद स्थगित

नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल के गेट नंबर-2 के बाहर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भानु) के बैनर तले किसानों ने धरना शुरू कर दिया। किसानों का आरोप है कि मॉल स्थित टीपी टकीला रेस्टोरेंट में शेयर होल्डिंग के नाम पर करीब 70 लाख रुपये का निवेश कराया गया था, लेकिन बाद में रकम वापस नहीं की गई। किसानों ने निवेश से जुड़े दस्तावेजों में भी फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। धरने को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारी किसानों से बातचीत कर रहे हैं।

2021 से 2025 के बीच रकम देने का दावा

किसान नेता राज कुमार नागर के मुताबिक, किसान निशांत भार्गव और अरविंद भाटी ने रेस्टोरेंट में शेयर होल्डिंग के नाम पर करीब 70 लाख रुपये लगाए थे। उनका दावा है कि यह रकम 2021 से 2025 के बीच राहुल सिंह को दी गई थी। किसानों के अनुसार, निवेश के बदले उन्हें मुनाफा देने की बात कही गई थी, लेकिन तय मुनाफा नहीं मिला और बाद में निवेश की रकम भी वापस नहीं की गई। किसानों का कहना है कि रकम वापस नहीं मिलने के बाद उन्होंने निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराई। उनके आरोप के मुताबिक, जांच में दस्तावेजों में फर्जीवाड़े की बात सामने आई। इस मामले में सेक्टर-39 थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। किसानों का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक उनकी रकम वापस नहीं मिली है।

रकम वापसी की मांग को लेकर मॉल के बाहर बैठे

इसी मामले को लेकर किसान सोमवार को गार्डन गैलेरिया मॉल पहुंचे और गेट नंबर-2 के बाहर धरने पर बैठ गए। किसान अपनी रकम वापस कराने और मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। धरने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। धरने के दौरान पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उनकी मांगों और शिकायत की जानकारी ली। पुलिस की ओर से बातचीत के जरिए मामले को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, किसान अपनी मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने की बात कह रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button