ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, रेस्टोरेंट में अवैध बार का खुलासा; तीन गिरफ्तार

बिना FL-11 लाइसेंस के ग्राहकों को परोसी जा रही थी शराब, आबकारी टीम की छापेमारी में बीयर और विदेशी मदिरा बरामद
आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही की टीम ने की कार्रवाई, रेस्टोरेंट मैनेजर समेत तीन लोगों पर शिकंजा
ग्रेटर नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक रेस्टोरेंट में छापेमारी कर बिना वैध बार लाइसेंस के शराब परोसने के मामले का खुलासा किया है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-16सी स्थित रेडिकॉन वेदान्तम कॉमर्शियल में संचालित द रॉयल स्पाइस रेस्टोरेंट में आबकारी विभाग की टीम ने दबिश दी। जांच के दौरान रेस्टोरेंट में बिना आवश्यक FL-11 इवेंट बार लाइसेंस के शराब परोसे जाने का मामला सामने आया।
जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 अभिनव शाही की टीम ने मौके से रेस्टोरेंट मैनेजर तेजस्वा कावरा, मालिक महेश कुमार और सोनू गांधी को गिरफ्तार किया।
छापेमारी में क्या-क्या मिला?
आबकारी टीम ने मौके से 500 एमएल की 48 बीयर कैन और उत्तर प्रदेश मार्क की 180 एमएल व 375 एमएल की 26 विदेशी शराब की बोतलें बरामद कीं। बरामद शराब की कुल मात्रा 29.265 बल्क लीटर बताई गई है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना बिसरख में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।
बिना लाइसेंस शराब परोसने वालों को सख्त संदेश
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से बार संचालित करने वालों में हड़कंप मचा है। विभाग का कहना है कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



