
ऑपरेशन प्रहार के तहत शालीमार गार्डन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 969 ग्राम स्मैक बरामद
1.74 लाख रुपये नकद, 860 पुड़िया स्मैक, चार मोबाइल और तीन अंगूठियां भी जब्त
गाजियाबाद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शालीमार गार्डन पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई कर आरोपियों के कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये कीमत की 969 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
डीसीपी ट्रांस हिंडन के अनुसार, 31 अक्टूबर को पुलिस टीम डीएलएफ क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आरिफ (20), इमामुद्दीन (19), इशरान (25) और समाना (32) के रूप में हुई है। इनमें तीन आरोपी लखीमपुर खीरी और एक दिल्ली के सीमापुरी क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 969 ग्राम स्मैक, 860 पुड़िया, 1,74,990 रुपये नकद, तीन पीली धातु की अंगूठियां और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।



