उत्तर प्रदेशराज्‍य

‘पांच सांसद परिवार के इसलिए नहीं टूटी सपा’, परिवारवाद के सवाल पर खुलकर बोले अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिवारवाद को लेकर दिलचस्प टिप्पणी की है. उन्होंने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परिवारवाद के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि इसके कुछ फायदे भी हैं. उन्होंने कहा कि परिवारवाद से फायदा क्या होता है, यह भी समझना चाहिए. भाजपा संविधान बदलना चाहती थी, लेकिन जनता ने उन्हें हरा दिया. कई दल टूट गए, लेकिन कभी सोचा है कि समाजवादी पार्टी क्यों नहीं टूटी. ऐसा इसलिए क्योंकि 5 सांसद तो एक ही परिवार के थे. इसके अलावा कुछ मुस्लिम सांसद थे और कुछ पक्के समाजवादी थे. इस तरह हमारा दल टूटने से बच गया.

अखिलेश यादव ने इस दौरान यह भी कहा कि आज सच कहने पर पाबंदी है. सपा नेता ने कहा कि कुछ लोग स्कूलों और शिक्षा की हालत दिखाना चाहते थे तो सरकार ने उन पर पाबंदी लगा दी. दूसरों को गुंडा बोलने वाले खुद कितने बड़े गुंडा निकले. सभी पीड़ित दुखी और अपमानित लोगों से एक ही निवेदन है कि वे साइकिल को वोट दें. इंटरनेट, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में तेजी से बदलाव आ रहा है. यदि हम उस दिशा में काम नहीं करेंगे तो लोगों को रोजगार कैसे मिलेगा. बच्चे इन्हीं सवालों को लेकर निकल रहे हैं.

सपा मुखिया ने कहा कि यदि आप बुनियादी सवाल करोगे और उनके जाल में नहीं फंसोगे तो ये आपको टारगेट करेंगे. नई पीढ़ी की आकांक्षाओं के अनुसार काम करना होगा. यदि आप तकनीक नहीं समझते हैं तो फिर पिछड़ जाएंगे. किसानों के लिए एआई का इस्तेमाल क्यों नहीं किया जाता. अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी चुनाव में अपनी तैयारी कर रही है. आप जल्दी ही देखेंगे कि हमने अपना काम शुरू कर दिया है. एक जापानी बच्चे के योगी आदित्यनाथ के साथ सेल्फी खिंचवाने वाली बात पर अखिलेश यादव ने कहा कि कल के वीडियो भी मैं देख रहा था उस बच्चे ने थोड़ी भी रिसर्च की होती तो शायद वह मुख्यमंत्री के साथ मुख्यमंत्री के साथ इतनी हिम्मत नहीं कर पाता सेल्फी लेने की.

PDA की परिभाषा पर फिर बोले अखिलेश यादव

उन्होंने कहा कि इधर बहुत दिनों से हम लोग देख रहे हैं कि कभी बच्चे गोदी में, कभी बच्चों को खिलाते हुए तस्वीरें आ रही हैं, अच्छी बात है, इसके बाद बहुत फुर्सत मिलेगी बच्चों से बातचीत करने की. और मेरे साथी ने जो पूछा है कि P का मतलब पाकिस्तान. अगर मैं यूं कहूं बीजेपी भाजपा पाकिस्तान. या यूं कहूं कि भाग जाओ पाकिस्तान. अखिलेश यादव ने कहा कि जो सिद्धांत है वो नहीं बदल सकता. सिद्धांत कभी नहीं बदलता. अखिलेश ने कहा कि ये लोग पीडीए से घबराए हुए हैं. इसीलिए पीडीए की परिभाषाएं बदल रहे हैं. जितनी पीड़ा बढ़ेगी उतना पीडीए आगे बढ़ेगा. पीडीए का मतलब ये भी कि प्रेम दया अपनापन. जितना हम समाजवादी लोग मिलकर के प्रेम दया अपनापन से लोगों को जोड़ेंगे उतना ही मजबूत समाजवादी पार्टी होगी और भविष्य में ऐतिहासिक सरकार बनेगी.

चवन्नी वाले विवाद पर बोले अखिलेश- सच बोलना भी गुनाह हो गया

इस दौरान सपा नेता ने जयंत चौधरी पर बिना नाम लिए की गई टिप्पणी पर उपजे विवाद पर भी जवाब दिया. अखिलेश यादव ने कहा कि सच बोलना भी ग़लत हो गया है. सच बोलने पर मारे जा रहे हैं. सपा कभी गठबंधन नहीं तोड़ती है, हम साथ निभाने वाले लोग हैं. सच जानना है तो वीडियो देख लेना चाहिए। हमारा जो गठबंधन है, वो बना रहेगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button