उत्तराखंडराज्‍य

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की मां का निधन, 90 साल की उम्र में पौड़ी में ली अंतिम सांस, शाम तक गांव पंचूर आ सकते हैं योगी

ऋषिकेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार सुबह 11 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर में 90 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली।

वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं। उनके निधन की पुष्टि परिवार के सदस्यों ने की है। सावित्री देवी के निधन की खबर से पंचूर गांव सहित उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश समेत देशभर में शोक की लहर है।

बता दें कि सावित्री देवी के कुल सात बच्चे हैं, जिसमें योगी आदित्यनाथ समेत चार बेटे व तीन बेटियां हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार योगी आदित्यनाथ शाम तक मां के अंतिम दर्शन के लिए पंचूर आ सकते हैं।

कल शनिवार को हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

स्वजनों के अनुसार, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार स्थित खड़खड़ी में किया जा सकता है। निधन की सूचना मिलते ही यमकेश्वर स्थित सीएम योगी के पैतृक घर में उत्तराखंड समेत समेत यूपी व अन्य राज्यों से राजनीतिक व अन्य क्षेत्रों की हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू होने लगा है।

दो बेटों के साथ गांव में रहती थीं

सावित्री देवी अपने दो बेटों के साथ पंचूर गांव स्थित आवास पर रहती थीं। उम्र संबंधी परेशानियों के चलते उन्हें अक्सर स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होती रहती थीं। बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। शुक्रवार सुबह उनके निधन की सूचना मिलने पर गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया।

एम्स ऋषिकेश में भी हुई थी भर्ती

इससे पहले 14 मई 2024 को स्वास्थ्य बिगड़ने पर सावित्री देवी को ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था। मां के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी एम्स ऋषिकेश पहुंचे थे और उनका हालचाल जाना था।

सीएम धामी ने जताया शोक

सावित्री देवी के निधन की सूचना मिलते ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने एक्स हैंडल से पोस्ट करके दुख जताया है। धामी ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।

माँ का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button