उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्‍य

अयोध्या के दीपोत्सव में पहली बार आएंगे अमित शाह! संभावति दौरे के चलते रामनगरी में तैयारी तेज

अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में इस बार आयोजित होने वाला दसवां दीपोत्सव कई मायनों में खास होने जा रहा है. दीपों की जगमगाहट और भव्य सांस्कृतिक आयोजनों के बीच इस बार देश के गृहमंत्री अमित शाह भी दीपोत्सव के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. दीपोत्सव के इतिहास में पहली बार किसी केंद्रीय गृहमंत्री की मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता होने जा रही है. उनके अयोध्या आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं. वहीं रामनगरी के स्थानीय निवासियों, साधु-संतों और धर्माचार्यों में भी इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.

अमित शाह के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. दीपोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं. रामनगरी को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ ही सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी संबंधित विभाग सक्रिय हैं. इस बार दीपोत्सव में लाखों दीपों की रोशनी के साथ देश के विभिन्न सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिलेंगे.

अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि यह अयोध्यावासियों के लिए सौभाग्य की बात है कि इस बार दीपोत्सव में देश के गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. उनके आगमन से आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी. अयोध्या के लोगों के लिए यह गर्व और उत्साह का विषय है.

वहीं साधु-संतों में भी गृहमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह है. संत सीताराम दास ने कहा कि दीपोत्सव अयोध्या की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है. इस बार गृहमंत्री अमित शाह के शामिल होने की जानकारी से संत समाज में खुशी है. हम सभी उनके आगमन को लेकर उत्साहित हैं.

स्थानीय निवासियों का कहना है कि दीपोत्सव में देश के गृहमंत्री का शामिल होना अयोध्या के लिए खास अवसर है. इससे रामनगरी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर एक और मंच मिलेगा. लोगों को उम्मीद है कि इस बार का दीपोत्सव पहले से भी अधिक भव्य और यादगार होगा. दसवें दीपोत्सव में लाखों दीपों की रोशनी के साथ गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी आयोजन को विशेष बनाएगी. रामनगरी के लोग और साधु-संत उनके स्वागत के लिए उत्साहित हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button