अपराधएनसीआरनोएडा

नोएडा में गुपचुप चल रही थी शराब पार्टी, आबकारी विभाग की रेड से मचा हड़कंप!

सेक्टर-43 के मकान में बिना FL-11 लाइसेंस छलक रहे थे जाम, तीन लोग गिरफ्तार
विदेशी शराब की 13 बोतल और तीन हाफ बरामद, आबकारी-पुलिस की संयुक्त टीम ने खोली पोल

नोएडा। नोएडा में अब घरों के अंदर आयोजित होने वाली शराब पार्टियां भी आबकारी विभाग की नजरों से बच नहीं पा रही हैं। सेक्टर-43 में एक मकान के अंदर बिना जरूरी FL-11 इवेंट बार लाइसेंस के शराब पार्टी आयोजित किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग और थाना सेक्टर-39 पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
रविवार, 1 नवंबर को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 संजय कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मकान नंबर सी-106, सेक्टर-43 नोएडा पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर बिना लाइसेंस शराब परोसकर पार्टी आयोजित की जा रही थी। टीम ने मौके से पार्टी संचालित कर रहे कृतेश सिंह (गोरखपुर), शिखर सक्सेना और आयुष चौरसिया (कानपुर नगर) को गिरफ्तार किया।

व्हिस्की से लेकर वोदका और जिन तक मिली

छापेमारी में टीम को अलग-अलग ब्रांड की विदेशी मदिरा की 13 बोतल और तीन हाफ बोतल बरामद हुईं। बरामद शराब में व्हिस्की, वोदका, जिन, रम और वाइन शामिल हैं। कुल बरामदगी 4.55 बल्क लीटर बताई गई है। खास बात यह है कि बरामद बोतलों पर ‘For Sale in Uttar Pradesh Only’ अंकित था।

निजी मकान में पार्टी, लेकिन लाइसेंस कहां?

इस कार्रवाई ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या निजी मकानों में आयोजित पार्टियों के नाम पर बिना जरूरी अनुमति शराब परोसने का चलन बढ़ रहा है? आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-39 में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।

आबकारी विभाग का सख्त संदेश

उत्तर प्रदेश शासन और आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी एवं पुलिस आयुक्त गौतमबुद्ध नगर के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। विभाग का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद नोएडा में बिना लाइसेंस शराब परोसने वाले आयोजकों पर विभाग की निगरानी कितनी प्रभावी रहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button