उत्तर प्रदेशराज्‍य

भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र की पत्नी का निधन, नोएडा के अस्पताल में ली अंतिम सांस

नोएडा: भाजपा के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा (79) का शनिवार रात नोएडा में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार सेक्टर 94 में रविवार को होगा।

सत्‍यवती मिश्रा ने सेक्‍टर 11 स्थित मेट्रो अस्‍पताल में अंतिम सांस ली। वह करीब एक हफ्ते से फेफड़े में संक्रमण फैलने के कारण गंभीर अवस्‍था में भर्ती थीं।

ब्रजेश पाठक ने लिया था हालचाल

शनिवार को ही यूपी के डिप्‍टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मेट्रो अस्‍पताल पहुंचकर सत्‍यवती मिश्रा का हालचाल जाना था। पूर्व राज्‍यपाल की पत्‍नी के निधन की सूचना पाकर भाजपा के तमाम नेता अस्‍पताल पहुंचे और वहां से पार्थिव शरीर लेकर उनके आवास गए।

अंतिम निवास पर दोपहर में होगी अंत्‍येष्टि

भाजपा नोएडा महानगर के नेता अमित त्‍यागी ने बताया कि सत्‍यवती मिश्रा का अंतिम संस्‍कार सेक्‍टर 94 स्थित अंतिम निवास पर दोपहर साढ़े 12 बजे किया जाएगा।

अंडमान निकोबार के उप राज्‍यपाल ने जताया दुख

अंडमान निकोबार के उप राज्‍यपाल डॉक्‍टर दिनेश मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्‍ट करके सत्‍यवती मिश्रा के निधन पर दुख जताया है। अपने X हैंडल पर उन्‍होंने लिखा है- अत्यंत दुखद समाचार है कि पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा जी की अर्धांगिनी सत्यवती मिश्रा, हम सब की चाची जी अब नहीं रहीं। निष्कपट धर्म परायण और सब की चिंता करने वाली आप एक ऐसी ग्रहणी थीं, जो घर में आने वाले हर व्यक्ति को बराबर का सम्मान देती थीं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करें, यही प्रार्थना है।

राजनाथ सिंह ने लिखा- भाभीजी का स्‍नेह नहीं भूल सकता

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक जताया है। X हैंडल पर उन्‍होंने लिखा है- पूर्व राज्यपाल एवं मेरे अग्रज, श्री कलराज मिश्र जी की धर्मपत्नी भाभी सत्यवती जी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। भाभीजी का स्नेह एवं उनका मृदु व्यवहार मैं कभी भूल नहीं सकता। उनके प्रति मैं अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं कलराज जी एवं पूरे परिवार के साथ हैं। ईश्वर उन्हें यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button