एनसीआरग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में 31 मार्च तक पानी बिल जमा न करने पर कनेक्शन कटेगा, 270 करोड़ बकाया पर भी जुड़ेगा ब्याज

ग्रेटर नोएडा: वर्तमान दर पर पानी का बकाया बिल जमा करने का आखिरी मौका ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के आवंटियों के पास 31 मार्च तक है। एक अप्रैल से बकाया रकम पर आगामी वित्तीय वर्ष (2026-2027) का ब्याज भी जुड़ जाएगा। आवंटियों को अधिक धनराशि जमा करनी होगी।

दरअसल, ग्रेटर नोएडा में 51 हजार से अधिक पानी के कनेक्शन हैं, जिनमें से 29 हजार से अधिक कनेक्शनों पर लगभग 270 करोड़ रुपये बकाया है। सबसे अधिक बकाया बिल्डर सोसाइटियों पर है। करीब 92 बिल्डर सोसाइटियों पर लगभग 150 करोड़ रुपये बकाया है। इसके अतिरिक्त 28 हजार से अधिक आवासीय संपत्ति, आईटी के छह, संस्थागत के 321, इंडस्ट्री के 763, 20 आवासीय समितियां और 21 कॉमर्शियल प्रॉपर्टी पर बकाया है।

31 मार्च के बाद काटा जाएगा कनेक्शन

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से नोटिस जारी करने के बावजूद बकाया जमा नहीं कर रहे। निवासियों को परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग ने अब तक कनेक्शन नहीं काटा, लेकिन अब ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सख्ती की तैयारी कर रहा है, जो बकाएदार 31 मार्च तक बकाया बिल जमा नहीं करेंगे, उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा।

अधिक जानकारी के लिए नंबर जारी

बकाया बिल प्राप्त करने और धनराशि जमा करने की सुविधा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट investgnida.in/myGNIDAservices पर उपलब्ध है। जिन आवंटियों के केवाईसी अपडेट हैं, उन आवंटियों को जल शुल्क धनराशि की सूचना मैसेज व ईमेल के माध्यम से भी भेजी गई है। बकाया बिल या फिर धनराशि जमा करने के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना के लिए वरिष्ठ प्रबंधक जल के मोबाइल नंबर 9205691408 पर प्राप्त की जा सकती है।

आवंटियों से समय पर पानी का बकाया जमा करने की अपील

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव का कहना है कि जिस तरह जलापूर्ति की जिम्मदारी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की है। उसी तरह पानी के बिल जमा करने की जिम्मेदारी आवंटी की है। इस धनराशि को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण जलापूर्ति नेटवर्क को और बेहतर बनाने पर खर्च करेगा। उन्होंने सभी बकाएदारों से 31 मार्च से पहले बकाया बिल जमा करने की अपील की है, ताकि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सख्ती करने पर आवंटियों व निवासियों को परेशानी न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button