
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा से भारी बारिश के कारण हादसे की खबर सामने आई है। नोएडा सेक्टर 16 मेट्रो स्टेशन के पास 50 मीटर से ज्यादा लंबाई तक डिवाइडर के टूटकर गिरने की खबर है। तेज बारिश के कारण हादसे का दावा किया जा रहा है। इस घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली है। हादसे के बाद तुरंत बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। डिवाइडर के टूटने के बाद स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।
क्या है पूरी घटना?
नोएडा सेक्टर 16 के मेट्रो स्टेशन के पास बने डिवाइडर के अचानक ढहने का मामला सामने आया है। यह डिवाइडर मेट्रो पिलर के ठीक नीचे बना हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के बीच पूरा ढांचा भरभराकर गिर पड़ा। करीब 50 मीटर लंबाई का डिवाइडर ढहने से मौके पर मौजूद एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। संबंधित थाने के एसएचओ के साथ-साथ एसीपी भी वहां मौजूद रहे। घटना की सूचना मिलते ही नोएडा अथॉरटी के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। डिवाइडर गिरने के कारण और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है।
क्या कहता है मौसम विभाग?
नोएडा में बारिश के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी है। बुराड़ी इलाके में सड़कें जलमग्न हो गईं। वहीं, सड़कों पर ट्रैफि जाम जैसी स्थिति बन गई है। बड़ी से लेकर छोटी गाड़ियां जाम में फंसकर रेंगती दिखीं। सुबह में बारिश से बच्चों को स्कूल पहुंचने में दिक्कत हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, अभी कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। शाम 8 बजे तक मौसम विभाग ने शहर में तेज बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद लोगों को राहत मिल सकती है। हालांकि, बारिश का दौर आगे भी जारी रहने का अनुमान है।



