अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

बीवी की हत्या कर मांग में भरा सिंदूर, फिर फंदे से लटककर दी जान; भाई-बहन की लव स्टोरी का दर्दनाक अंत

कानपुर के बर्रा इलाके में एक प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत सामने आया है. यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी. घटना के बाद कमरे में पत्नी का शव फर्श पर मिला, जबकि युवक का शव पंखे से लटका हुआ था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

घटना बर्रा-7 के एसएस ब्लॉक की है, जहां दंपती कुछ दिन पहले ही किराए के मकान में रहने आए थे. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक ने पत्नी की गला दबाकर हत्या की और इसके बाद खुद आत्मघाती कदम उठा लिया. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

पत्नी की मांग में भरा सिंदूर, फिर उठाया खौफनाक कदम

फोरेंसिक टीम ने जब कमरे की जांच की तो वहां जमीन पर सिंदूर फैला हुआ मिला. पास में सिंदूर की डिब्बी भी पड़ी थी. महिला की मांग सिंदूर से भरी हुई थी और युवक के हाथ-पैर पर भी सिंदूर के निशान मिले. पुलिस को आशंका है कि पत्नी की हत्या के बाद युवक ने उसकी मांग में सिंदूर भरा और फिर खुद फंदे से लटक गया.

तीन साल के रिश्ते का हुआ दर्दनाक अंत

मृतकों की पहचान सचेंडी थाना क्षेत्र के कला का पुरवा गांव निवासी 22 वर्षीय सौरभ सविता उर्फ टोनी और 18 वर्षीय रानी उर्फ शालिनी के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध थे. रिश्ते में दोनों चचेरे भाई-बहन लगते थे. परिवार की नाराजगी के बावजूद दोनों ने करीब तीन महीने पहले घर छोड़कर कोर्ट मैरिज कर ली थी. इसके बाद वे दिल्ली में रह रहे थे.
करीब पांच दिन पहले दोनों कानपुर लौटे और बर्रा-7 स्थित एक होजरी कारोबारी के मकान की तीसरी मंजिल पर किराए का कमरा लेकर रहने लगे थे.

रोशनदान से दिखा कमरे का खौफनाक मंजर

मंगलवार दोपहर मकान की दूसरी मंजिल पर रहने वाली एक बुजुर्ग महिला छत पर कपड़े सुखाने गई थीं. इसी दौरान उनकी नजर कमरे के रोशनदान से अंदर पड़ी. कमरे में पंखे से युवक का शव लटका देखकर वह घबरा गईं और तुरंत मकान मालिक को सूचना दी.
मकान मालिक ने पुलिस को जानकारी दी. सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल और बर्रा पुलिस मौके पर पहुंची.

फोरेंसिक टीम ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. जांच में महिला का शव प्लास्टिक की चटाई पर पड़ा मिला, जबकि युवक का शव पंखे से साड़ी के सहारे लटका हुआ था.

परिवार ने जताई रिश्ते में तनाव की आशंका

रानी की मां पिंकी ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले ही उनकी बेटी और दामाद से बातचीत हुई थी. बातचीत के दौरान उन्हें किसी विवाद का अंदाजा नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि कोर्ट मैरिज के बाद भी सौरभ के परिवार वाले रानी को स्वीकार नहीं कर रहे थे और दोनों पर अलग होने का दबाव बनाया जा रहा था.

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

डीसीपी साउथ ने बताया कि शुरुआती जांच में युवक द्वारा पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या किए जाने की संभावना सामने आई है. हालांकि, हर पहलू की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

किरायेदार सत्यापन पर फिर उठे सवाल

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मकान मालिक को दोनों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी. बाइक नंबर के जरिए पुलिस ने सौरभ के परिवार से संपर्क किया. इस घटना के बाद एक बार फिर किरायेदारों के पुलिस वेरिफिकेशन की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button