अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा: ‘दहेज में क्रेटा कार…’, ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर 2 बच्चों की मां ने लगाई फांसी

ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र के घंघौला गांव में सोमवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति, देवर और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के जावली गांव की रहने वाली दो सगी बहनें तनु और तनीषा की शादी 6 दिसंबर 2020 को घंघौला गांव निवासी अमित व सुमित से हुई थी। दोनों बहनों के दो-दो बच्चे भी हैं।

मृतका तनु के भाई तनीश कसाना ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर दोनों बहनों को प्रताड़ित कर रहे थे। उनका आरोप है कि आरोपी पहले ब्रेजा और अब स्कॉर्पियो की मांग कर रहे थे, और यह मांग लगातार बढ़ती जा रही थी।

सोमवार रात तनु की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव ऊपर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि जब वे मौके पर पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग वहां से भाग गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि तनु के शरीर पर मारपीट और चोट के निशान थे।

इस घटना के विरोध में मंगलवार दोपहर को मायके पक्ष के लोग कासना कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रवि शंकर निम ने बताया कि महिला ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या की है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी पति अमित, देवर सुमित और सास कृष्ण के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button