अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

नोएडा के दनकौर में सवारी बनाकर लिफ्ट देने के बाद रुपये छीनने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, दो घायल

ग्रेटर नोएडा: कार में सवारी को लिफ्ट देकर बंधक बनाने और उनसे डरा-धमकाकर रुपये वसूलने वाले दो बदमाशों के साथ शनिवार को पुलिस की मुठभेड़ हो गई। ग्रेटर नोएडा के थाना दनकौर क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की तरफ से हुई जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके साथ ही पुलिस ने बदमाशों की कार में बंधक बनाकर रखी गईं दो सवारियों को बिल्कुल सुरक्षित बचा लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, चाकू, चार मोबाइल फोन, कार और छीने गए 10 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पीआरवी पर भाई को बंधक बनाने की मिली थी सूचना

ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी संतोष कुमार के अनुसार, 15 अगस्त को पीआरवी के माध्यम से पुलिस को इस घटना की सूचना मिली थी। सूचना देने वाले व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसके भाई को कार में सवारी के रूप में बैठाकर बदमाशों ने बंधक बना लिया है और उससे डराकर ऑनलाइन रुपये ऐंठ लिए हैं। इस सूचना के मिलते ही थाना दनकौर पुलिस और पीआरवी की टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी और बदमाशों की तलाश में जुट गई।

जीरो प्वाइंट और टोल प्लाजा से बैठाया था सवारियों को

पुलिस जांच में यह जानकारी सामने आई कि पीड़ित व्यक्ति थाना दनकौर क्षेत्र में स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के पास आगरा की ओर जाने वाले टोल पर खड़ा था। वह वहां से राजस्थान के धौलपुर जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान कार में सवार होकर आए युवकों ने उसे सवारी के रूप में गाड़ी में बैठा लिया और रास्ते में डराकर उससे ऑनलाइन रुपये ले लिए।

पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने कार में दो सवारियों को बंधक बना रखा था। इनमें से एक धौलपुर के रहने वाले हेमेन्द्र थे और दूसरे कानपुर नगर के रहने वाले नमन थे। आरोपियों ने नमन को इससे पहले ग्रेटर नोएडा के जीरो प्वाइंट से कार में सवारी बनाकर बैठाया था और हेमेन्द्र को बाद में टोल के पास से बैठाया था।

अंडरपास के पास पुलिस पर बदमाशों ने की फायरिंग

पुलिस टीम ने घटना में इस्तेमाल की जा रही आई-20 कार की पहचान की और उसका पीछा करना शुरू किया। जब कार अंडरपास के पास पहुंची तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस से खुद को घिरता देख कार सवार बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया।

बिहार के जहानाबाद और हापुड़ के रहने वाले हैं बदमाश

पुलिस की पूछताछ में घायल बदमाशों की पहचान 24 वर्षीय अभिनय पल्लव निवासी जहानाबाद, बिहार और 22 वर्षीय सत्यम सिंह निवासी हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने कार से धौलपुर निवासी हेमेन्द्र और कानपुर नगर निवासी नमन को सुरक्षित मुक्त कराया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आई-20 कार, दो .315 बोर के तमंचे, दो चले हुए खोखे, पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, छीने गए 10 हजार रुपये और एक अवैध चाकू बरामद किया है। थाना दनकौर पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button