उत्तराखंडराज्‍य

मसूरी में पर्यटकों की कार खाई में गिरी, सेल्फी के चक्कर में हलक में आई जान

मसूरी: उत्तराखंड के मसूरी में रविवार को मसूरी-राजपुर ट्रेक रूट पर एक बड़ा हादसा टल गया। एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 6 पर्यटक बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि सभी सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे और कार खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई, लेकिन समय रहते हुए रेस्क्यू टीमों ने स्थिति को संभाल लिया।

भारी बारिश के बीच राजपुर पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआएफ ने स्थानीय लोगों की मदद से संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में गिरे 6 लोगो को सकुशल निकाला गया। 108 एंबुलेंस से पास के अस्पताल में भेजा गया, जहां पर सभी का उपचार किया गया। रविवार को दोपहर को रुड़की से आए 6 पर्यटक राजपुर-झाड़ीपानी ट्रेक रूट की ओर बढ़ रहे थे। रास्ते में एक खूबसूरत घाटी वाला स्थान देख सभी लोग रुक गए। सभी ने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी और सेल्फी-फोटो लेने लगे।

कार में हैंडब्रेक न लगाने से हादसा

चश्मदीदों के मुताबिक इस दौरान कार का चालक भी बाहर आ गया और हैंडब्रेक ठीक से नहीं लगाया था। सेल्फी लेने के बाद सभी 6 लोग कार में बैठे, तभी कार सरकने लगी और देखते ही देखते खाई में गिर गई। कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में गिरी थी, हालांकि वह झाड़ियों में फंस गई। इससे कार में बैठे लोगों की जान बच गई।

सभी पर्यटक सुरक्षित निकाले गए

सीओ मसूरी मनोज असवाल ने बताया कार में बैठे सभी छह लोग सुरक्षित हैं। किसी को गंभीर चोट नहीं लगी है। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए राजपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। उन्होने बताया कि इस ट्रेक रूट पर जल्द ही चेतावनी संकेत, बैरिकेड्स, और सुरक्षा गार्ड की तैनाती की जाएगी, ताकि इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।

पर्यटक बरतें सावधानी

राजपुर प्रशासन और ट्रैफिक विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पर्यटकों से अपील की है कि वे ट्रैकिंग-ड्राइविंग के दौरान पूरी सावधानी बरतें। खासकर ऊंचाई वाले स्थानों पर फोटो या सेल्फी लेने के लिए सुरक्षा नियमों का उल्लंघन न करें।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह मसूरी राजपुर ट्रेक रूट हाल ही में पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हो गया है, लेकिन सुरक्षा इंतजाम अब तक नाकाफी हैं। कई बार पहले भी वाहन सड़क किनारे से फिसलते देखे गए हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से स्थायी इंतजाम नहीं किए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button