
नई दिल्ली। केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर एस श्रीसंथ को बड़ी राहत दी है। KCA ने श्रीसंथ पर लगाए गए तीन साल के बैन को हटाने का फैसला किया है। श्रीसंथ को सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के कारण तीन साल के लिए सस्पेंड किया गया था।
एसोसिएशन की बदनामी हुई
KCA का कहना था कि इन टिप्पणियों से एसोसिएशन की बदनामी हुई थी। उन्होंने तिरुवनंतपुरम मुंसिफ कोर्ट में इस अनुशासनात्मक कार्रवाई को चुनौती दी थी, लेकिन KCA के अनुसार, उनकी याचिका खारिज कर दी गई थी। इसके बाद श्रीसंथ ने केरल क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाफ अपनी टिप्पणियों पर अफसोस जताते हुए बिना शर्त आधिकारिक माफीनामा सौंपा।
भविष्य में ऐसा न हो
1 जुलाई, 2026 को हुई KCA की स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग में उनकी माफी पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बिना किसी शर्त के खेद व्यक्त किया था, ऐसे में मीटिंग में सर्वसम्मति से प्रतिबंध हटाने का फैसला किया गया।
हालांकि, एसोसिएशन ने श्रीसंथ को चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसा कोई भी व्यवहार करने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रतिबंध हटने के बाद श्रीसंथ केरल क्रिकेट लीग (KCL) के सीजन 3 में एरीज कोल्लम सेलर्स फ्रेंचाइजी के को-ओ के तौर पर बने रह सकेंगे। KCA ने पिछले KCL सीजन से पहले यह प्रतिबंध लगाया था।
प्रदर्शन पर एक नजर
- भारत के पूर्व तेज गेंदबाज श्रीसंथ ने देश के लिए तीनों इंटरनेशनल फॉर्मेट में खेला है।
- इसमें 27 टेस्ट, 53 वनडे और 10 T20I शामिल हैं।
- टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 37.59 के औसत से 87 विकेट लिए।
- एक पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/40 और एक मैच में 8/99 रहा।
- इतना ही नहीं इसमें चार बार चार विकेट और तीन बार पांच विकेट शामिल हैं।
- वनडे में उन्होंने 33.44 के औसत से 75 विकेट लिए।
- उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/55 रहा।
- जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 10 मैचों में सात विकेट लिए।
- घरेलू क्रिकेट में श्रीसंथ ने 74 प्रथम श्रेणी मैचों में 213 विकेट लिए। उनका बेस्ट प्रदर्शन 5/40 रहा।
- इसके अलावा उन्होंने 92 लिस्ट ए मैचों में 124 विकेट और 65 टी20 मैचों में 54 विकेट लिए।



