आगरा से मसूरी की सैर पर निकले दोस्तों की थार गाड़ी डिवाइडर से टकराई, तीन की मौत

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया. नागल थाना क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास तेज रफ्तार थार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में कार सवार पांच दोस्तों में से तीन की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
आगरा से मसूरी घूमने जा रहे थे दोस्त
जानकारी के मुताबिक, थार कार में सवार पांचों दोस्त आगरा से उत्तराखंड के मसूरी घूमने के लिए निकले थे. सभी लोग शाम करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच घर से रवाना हुए थे. सफर के दौरान सहारनपुर के नागल थाना क्षेत्र में उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
तीन दोस्तों की मौके पर गई जान
इस हादसे में साहिल, राहुल और सक्षम की मौत हो गई. वहीं, सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. तीन युवकों की मौत की खबर से उनके परिवारों में मातम छा गया. सभी दोस्त घूमने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया.
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
सड़क हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. दोनों घायलों को सहारनपुर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. नागल थाना प्रभारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली. पुलिस हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रही है.
हादसे के वक्त सो रहे थे सचिन
घायल सचिन वर्मा ने बताया कि पांचों दोस्त आगरा से मसूरी घूमने जा रहे थे. उनके मुताबिक, हादसे के समय वह गाड़ी में सो रहे थे. थार को हेमंत चला रहा था. अचानक गाड़ी कैसे अनियंत्रित हुई, इसकी जानकारी सचिन को नहीं है. उन्होंने बताया कि जब उनकी आंख खुली तो वह सड़क पर पड़े थे और कार बुरी तरह टूट चुकी थी.
एक सफर ने उजाड़ दिए तीन परिवार
मसूरी घूमने के लिए निकले पांच दोस्तों का सफर सहारनपुर में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया. तीन युवकों की मौत और दो के घायल होने से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. हादसे के कारणों को लेकर अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.


