उत्तर प्रदेशराज्‍य

यूपी के 12 लाख से ज्यादा कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, दीपावली से पहले मिलेगा बोनस, डीए भी बढ़ेगा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के 12 लाख से अधिक राज्य कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। योगी सरकार दिवाली से पहले बोनस देने की तैयारी में है। इतना ही नहीं, महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का फायदा भी नवंबर के वेतन के साथ मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के मुताबिक, नवरात्रि की छुट्टियों के बाद शासन से इसको लेकर आदेश जारी हो सकता है। वित्त विभाग ने कर्मचारियों को बोनस और DA-DR का लाभ देने की कवायद तेज कर दी है। रेलवे में बोनस के ऐलान के बाद यूपी के राज्य कर्मचारियों में भी उम्मीद बढ़ गई है कि जल्द ही उनके लिए भी आदेश जारी होगा। बताया जा रहा है कि इस बार कर्मचारियों को 3400 से 7000 रुपये तक बोनस मिल सकता है। यह लाभ केवल अराजपत्रित कर्मचारियों को दिया जाता है। बोनस की यह राशि वेतन के साथ नहीं आएगी, बल्कि अलग से कर्मचारियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

बोनस के साथ DA और DR

कर्मचारियों का मानना है कि बोनस के साथ-साथ DA और DR बढ़ोतरी का आदेश भी जारी हो सकता है। इस बार 3 फीसदी DA-DR बढ़ने की उम्मीद है। सूत्रों का कहना है कि अगर 25 अक्टूबर से पहले आदेश जारी हो गए, तो अक्टूबर महीने की सैलरी और पेंशन जो नवंबर में मिलेगी, उसमें बढ़ा हुआ DA-DR शामिल होगा। फिलहाल 12 लाख से ज्यादा कर्मचारी और 6 लाख से ज्यादा पेंशनर DA-DR के आदेश का इंतजार कर रहे हैं।

आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर

आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए भी अच्छी खबर है। उन्हें बढ़ी हुई सैलरी नवंबर महीने में मिलेगी, जो अक्टूबर के वेतन के रूप में दी जाएगी। इसको लेकर आउटसोर्स सेवा निगम छुट्टियों के बाद जल्द ही आदेश जारी कर सकता है। बढ़ी हुई तनख्वाह का फायदा प्रदेश के लगभग चार लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को मिलेगा।

यूपी सरकार ने हजारों कर्मचारियों और पेंशनरों के पुराने मेडिकल बिलों के भुगतान की समय सीमा तय कर दी है। शासन ने निर्देश दिया है कि दिवाली से पहले सभी लंबित चिकित्सा दावों का निस्तारण 31 अक्टूबर तक किया जाए। जो भी दावे 30 सितंबर तक सभी जरूरी बिलों के साथ संबंधित विभागों में जमा हो चुके हैं, उनकी जांच कर इसी महीने भुगतान किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button