टेकऑफ करते ही विमान बना आग का गोला, सामने आया वीडियो

वेनेजुएला के ताचिका राज्य में गुरुवार को एक भयावह विमान हादसा हुआ है. पैरामिलो एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही एक निजी विमान PA-31 अचानक आग के गोले में तब्दील हो गया. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखा कि विमान मुश्किल से जमीन से ऊपर उठा ही था कि अचानक झुकते हुए रनवे पर गिर पड़ा और जोरदार धमाके के साथ फट गया.
टेकऑफ के वक्त हुआ धमाका
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा पैरामिलो एयरफील्ड में दोपहर 12 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि विमान के टेकऑफ के समय उसका एक टायर फट गया, जिससे पायलट का नियंत्रण छूट गया.
कुछ ही सेकेंड में विमान एक तरफ झुक गया और रनवे पर गिरते ही आग की लपटों में घिर गया.
Shocking video shows the moment two people were killed when their Piper PA-31T1 Cheyenne crashed on take-off from Paramillo Airport in San Cristóbal, the capital of the Táchira state of Venezuela.
In a statement the National Institute of Civil Aeronautics (INAC) said, “Today… pic.twitter.com/gjn3RwfxOT
— Breaking Aviation News & Videos (@aviationbrk) October 22, 2025
दो की मौत, दो घायल
मरने वालों की पहचान टोनी बोरटोन और जुआन मालडोनाडो के रूप में की गई है. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्रियों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. राहत और बचाव कार्य में फायर ब्रिगेड, सिविल प्रोटेक्शन टीम और बोलीवेरियन नेशनल पुलिस (PNB) ने तुरंत मोर्चा संभाला.
सरकारी कामकाज से जुड़ा था विमान
स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विमान सरकारी लॉजिस्टिक गतिविधियों से जुड़ा था. हादसे की जांच जारी है. विमान का मॉडल पाइपर चेयेन. (PA-31T1) बताया जा रहा है, जिसे 1970 के दशक के आखिर में अमेरिका की कंपनी Piper Aircraft ने बनाया था. यह ट्विन-इंजन विमान अपनी परफॉर्मेंस और सुरक्षा के लिए मशहूर माना जाता है.
सितंबर में भी हुआ था ऐसा हादसा
यह हादसा वेनज़ुएला में पिछले एक महीने में दूसरा बड़ा हवाई दुर्घटना है. सितंबर में भी एक निजी लियरजेट 55 विमान कराकास के सिमोन बोलिवार इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ था. उस समय दो यात्री घायल हुए थे. बताया गया था कि तेज़ हवाओं और खराब मौसम के कारण विमान का संतुलन बिगड़ गया था.


