उत्तराखंडराज्‍य

केदारनाथ धाम में हाई अलर्ट, आयुक्त व आईजी का औचक निरीक्षण, जानिये क्या कुछ रहा खास

रुद्रप्रयाग : केदारनाथ धाम में चल रही यात्रा व्यवस्थाओं का मंगलवार को उच्चस्तरीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और तीर्थ पुरोहितों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय और आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का व्यापक स्थलीय जायजा लिया। दर्शन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि टोकन प्रणाली का सख्ती से पालन कराया जाए। बिना टोकन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रशासन ने धाम क्षेत्र में स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल की उपलब्धता और सफाई कर्मियों की पर्याप्त तैनाती के निर्देश दिए। बर्फबारी के कारण फिसलन वाले स्थानों पर नियमित बर्फ हटाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।

आईजी गढ़वाल ने यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हेलिपैड पर यात्रियों की सुविधा, संचालन व्यवस्था और सुरक्षा उपायों का भी जायजा लिया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, आवास, भोजन और गैस जैसी आवश्यक सुविधाओं को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोका भी जा सकता है।

प्रशासन के अनुसार, सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को संतोषजनक यात्रा अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, तीर्थ पुरोहित और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button